लखनऊ : यूपी सरकार व सपा में चाचा-भतीजा के बीच की लड़ाई गुरुवार को नये मोड़ पर पहुंच गयी. मुलायम सिंह यादव ने बेटे अखिलेश को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अड़ गये. उधर, नाराज शिवपाल ने कैबिनेट और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया. हालांकि अखिलेश ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया. आज सुबह से शिवपाल के समर्थक उनके घर के बाहर जुटे हुए हैं और उनके समर्थन में नारे लगा रहे हैं. सूत्रों की माने तो शिवपाल सरकारी बंगला खाली कर सकते हैं.
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव भी अपने परिवार का विवाद नहीं सुलझा सके. गुरुवार की देर शाम सपा प्रमुख मुलायम सिंह और सीएम अखिलेश के बीच बातचीत हुई. पर, बात नहीं बनी और नाराज शिवपाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया.शिवपाल के बेटे आदित्य ने पब्लिक को-ऑपरेटिव फेडरेशन के चेयरमैन का पद छोड़ दिया है. मुलायम के साथ शिवपाल भी अखिलेश से मिले थे. इस्तीफे के तुरंत बाद लखनऊ में शिवपाल यादव के आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक जुट गये और वे नारे लगाने लगे- शिवपाल तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं. सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को मुलायम संसदीय दल की बैठक बुला कर कोई बड़ा फैसला लेंगे.
इससे पहले दिन में मुलायम यह कहते हुए दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे कि मैं सब कुछ ठीक कर दूंगा. रामगोपाल यादव ने भी कहा था कि नेताजी एक बार अखिलेश और शिवपाल से बात कर लेंगे, तो सब कुछ ठीक हो जायेगा. सपा महासचिव राम गोपाल यादव अखिलेश यादव के समर्थन में खुल कर आ गये. उन्होंने पार्टी और यूपी सरकार पर आये संकट के लिए बिना नाम लिये अमर सिंह को जिम्मेदार ठहराया. लेकिन, शिवपाल ने अमर का समर्थन करते हुए कहा कि सबको साथ लेकर ही संगठन मजबूत बनता है. पार्टी में हर तरह के लोग होते हैं.
मुलायम के चचेरे भाई व सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि अखिलेश को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से हटा कर नेतृत्व ने अनजाने में गलती की थी. उनसे (अखिलेश से) इस्तीफा मांगा जाता तो वह खुद दे देते.
शिवपाल के समर्थकों का जमावड़ा
बीती रात शिवपाल यादव के घर के बाहर सैकड़ों समर्थक जुटे और उनके समर्थन में नारे लगाने लगे. समर्थक नारे लगा रहे थे चाचा तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं.... इन समर्थकों को घर से बाहर आकर उन्होंने संबोधित किया और कहा कि मैं आपके साथ हूं.. मैं आपसे कल सुबह मिलूंगा... टीवी रिपोर्ट के अनुसार उनके इस्तीफे के बाद 20 विधायक उनके घर पहुंचे. कहा जा रहा है कि ये विधायक उनके समर्थन में हैं.


0 comments:
Post a Comment