मोहर्रम से एक दिन पहले काबुल में शिया दरगाह पर हमला - Attack on kabuls biggest shia shrine officials

अफगानिस्‍तान की राजधानी काबुल की सबसे बड़ी शिया दरगाह पर मोहर्रम से ठीक एक दिन पहले मंगलवार शाम को बंदूकधारियों ने हमला कर दिया. शुरुआत में मिलिट्री की ड्रेस पहने कम से कम तीन बंदूकधारियों के दरगाह में घुसने की खबर थी, बाद में अधिकारियों ने बताया कि एक ही बंदूकधारी था, जिसे मार गिराया गया.

एक पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि इस हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 26 लोग घायल हैं. उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.

यह हमला स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजे से कुछ ही देर पहले शुरू हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद गोलीबारी की आवाज सुनाई दी. काबुल पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान राहिमी ने बताया कि दरगाह को खाली करा दिया गया है.

जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल कवासी ने बताया कि 18 लोग घायल हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है. बुधवार को मोहर्रम है और एक रात पहले इस तरह की घटना से लोग सकते में हैं.

काबुल पुलिस ने शियाओं को बड़ी संख्या में कहीं पर इकट्ठा होने के प्रति सचेत किया है, क्योंकि बडे आतंकी हमले की आशंका है. बता दें कि जुलाई में शिया-हजारा समुदाय पर हुए एक हमले में 80 लोगों की मौत हो गई थी.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment