ऑस्‍ट्रेलियाई पारी 276 रन पर समाप्‍त, टीम इंडिया का स्‍कोर बिना विकेट खोए 38 रन - India vs australia second test in bengaluru day




बेंगलुरू: बेंगलुरू टेस्‍ट में में ऑस्‍ट्रेलियाई पारी 276 रन पर समाप्‍त हुई है. मैच के तीसरे दिन ऑस्‍ट्रेलियाई पारी को समेटने में लेग स्पिनर रवींद्र जडेजा ने अहम भूमिका निभाई, जिन्‍होंने आज गिरे चार में से तीन विकेट लिए, पारी में उन्‍होंने 63 रन देकर छह विकेट हासिल किए. कंगारू टीम का आखिरी विकेट जोश हेजलवुड (1) के रूप में गिरा, जिन्‍हें जडेजा ने राहुल के हाथों कैच कराया. इस तरह ऑस्‍ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 87 रन की अहम बढ़त हासिल हुई है. स्‍टीव ओकीफी चार रन बनाकर नाबाद रहे. सोमवार को आउट होने वाले बल्‍लेबाज जोश हेजलवुड (1), नाथन लियोन (0)] मैथ्‍यू वेड (40) और मिचेल स्‍टॉर्क (26) रहे. जडेजा ने लियोन और वेड को एलबीडब्‍ल्‍यू किया.स्‍टॉर्क को आर.अश्विन ने रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया. टीम इंडिया की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है. लंच के समय टीम इंडिया का स्‍कोर बिना विकेट खोए 38 रन है. राहुल 20 और मुकुंद 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं. मुकुंद ने इस दौरान तेज गेंदबाज मिचेल स्‍टॉर्क की गेंदबाजी पर छक्‍का भी लगाया.

मैच के तीसरे दिन सोमवार को ईशांत शर्मा और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत की, कप्‍तान कोहली ने दिन के 11वें ओवर में ईशांत शर्मा के स्‍थान पर रवींद्र जडेजा को आक्रमण पर लगा दिया. जडेजा पहली ही ओवर से विकेट से टर्न हासिल करते नजर आए. इसके तुरंत बाद अश्विन की गेंद पर मिचेल स्‍टार्क को विकेट के पीछे आउट करार दिया गया था. स्‍टॉर्क ने तुरंत रिव्‍यू लिया जिसमें अम्‍पायर को फैसला बदलना पड़ा. हालांकि इसके बाद अश्विन ने टीम इंडिया को दिन की पहली कामयाबी दिलाने में देर नहीं लगाई. उनकी गेंद को स्‍टार्क ने मिडविकेट के ऊपर से मारने की कोशिश की और जडेजा ने कैच लपक लिया.ऑस्‍ट्रेलिया का सातवां विकेट 269 के स्‍कोर पर गिरा. इसके बाद ऑस्‍ट्रेलिया के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया और 9 रन के अंदर टीम ने शेष तीन विकेट भी गंवा दिया.


ऑस्‍ट्रेलिया की पारी में रवींद्र जडेजा अब तक पांच बल्‍लेबाजों को आउट कर चुके हैं. पारी में पांच या इससे अधिक लेने की उपलब्धि उन्‍होंन सातवीं बार हासिल की है. इससे पहले, मैच के दूसरे दिन रविवार को  मैट रेनशॉ (60) और शॉन मॉर्श (66) के अर्धशतक के सहारे ऑस्‍ट्रेलिया ने छह विकेट खोकर 237 रन बनाए थे.मैच के दूसरे दिन कप्‍तान कोहली ने रवींद्र जडेजा से महज 17 ओवर ही करवाए थे. टीम के चारों रेगुलर बॉलर्स में सबसे कम ओवर जडेजा ने ही फेंके थे और दूसरे दिन तीन विपक्षी बल्‍लेबाजों को आउट करने में सफल रहे थे. ऑस्‍ट्रेलियाई पारी के दौरान डिसीजन रिव्‍यू सिस्‍टम (DRS) के 'सटीक' इस्‍तेमाल न कर पाने की टीम इंडिया की कमी फिर सामने आई. भारत ने बिना किसी सफलता के अपने दोनों रिव्‍यू गंवा दिए.  बेंगलुरू टेस्‍ट के पहले दिन   टीम इंडिया केवल 189 रन बनाकर आउट हो गई थी. चार टेस्‍ट की सीरीज में ऑस्‍ट्रेलियाई टीम 1-0 की बढ़त पर है.



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment