उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: छठे चरण में 57 प्रतिशत मतदान UP polls: 57 percent turnout in sixth phase





लखनउ,  (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में पूर्वाचल के सात जिलों की 49 सीटों के लिये आज शांतिपूर्ण ढंग से 57. 03 फीसद वोट पड़े। इसके साथ ही 635 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने यहां बताया कि छठे चरण में नेपाल से सटे महराजगंज और कुशीनगर के साथ-साथ गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मउ तथा बलिया जिलों में आमतौर पर शांतिपूर्ण माहौल में 57. 03 प्रतिशत मतदान हुआ। वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में छठे चरण में 55. 04 प्रतिशत वोट पड़े थे।

मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री रामगोविन्द चौधरी :बांसडीह:, बसपा छोड़कर भाजपा में आये स्वामी प्रसाद मौर्य :पडरौना:, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही :देवरिया:, पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव के बेटे श्याम बहादुर यादव :फूलपुर पवई:, सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी :फेफना:, नारद राय :बलिया सदर:, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी :मउ: तथा उनके बेटे अब्बास अंसारी :घोसी: समेत कुल 635 प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया।

प्रदेश का विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। आखिरी चरण का चुनाव आठ मार्च को होगा। नतीजे 11 मार्च को आएंगे।

छठे चरण के लिये 10 हजार 820 मतदान केन्द्र तथा 17 हजार 926 मतदेय स्थल बनाये गये थे, जिनमें से 1186 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना गया था।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment