बर्मिंघम: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 का दूसरा सेमीफाइनल एजबेस्टन के बर्मिंघम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है. चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में बांग्लादेश ने भले ही 11 मैच खेल लिए हैं, लेकिन 19 वर्षों के दौरान वह टीम इंडिया से पहली बार भिड़ रही है. इस मैच से दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला होगा. जहां पाकिस्तान टीम पहले ही फाइनल में पहुंच गई है, वहीं डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया खिताब बचाने के उद्देश्य मैदान पर है. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया है. बारिश के कारण मैदान गीला होने से खेल शुरू होने में देरी हुई है. मैच निर्धारित समय से 10 मिनट देरी से शुरू हुआ. बांग्लादेश ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 264 रन बनाए हैं. महमुदुल्लाह ने 21 रन (25 गेंद) बनाए. उनको अश्विन ने चार रन पर कैच छोड़ते हुए जीवनदान भी दिया. 40वें ओवर में अश्विन की गेंदों पर नौ रन बने, जिसमें पांच रन पेनल्टी के रहे, क्योंकि धोनी का एक दस्ताना नीचे पड़ा हुआ था और थ्रो उस पर जाकर लग गया.
ओपनर तमीम इकबाल ने 70 रन (82 गेंद, 7 चौके, 1 छक्का) ठोके. उन्होंने 62 गेंदों में फिफ्टी बनाई. तमीम तो 16 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड होने के बावजूद इसलिए बच गए थे, क्योकि हार्दिक पांड्या ने नोबॉल कर दी. तमीम ने तीसरे विकेट के लिए रहीम के साथ 123 रन जोड़े. मुशफिकुर रहीम ने 61 रन (85 गेंद, 4 चौके) बनाए. भुवनेश्वर कुमार, केदार जाधव और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट झटके हैं, जबकि रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला है.



0 comments:
Post a Comment