गुड़गांव गैंगरेप के तीनों आरोपियों का पुलिस ने स्‍केच जारी किया - gurgaon gang rape police have released sketches of three suspects





गुड़गांव: दिल दहला देने वाले गैंगरेप केस के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के स्‍केच जारी किए हैं. गुड़गांव पुलिस के लिए चुनौती बने इस केस की जांच में जुटी पुलिस ने अब तक करीब 50 ऑटो-रिक्‍शा ड्राइवरों से पूछताछ की है और कुछ धर-पकड़ भी की गई है. विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी किया गया है. अब इस केस में तीनों आरोपियों के स्‍केच जारी किए हैं और जनता से किसी भी प्रकार की कोई भी सूचना देने की अपील की गई है.

29 मई की इस घटना में गुड़गांव में एक ऑटो ड्राइवर और उसके साथियों ने न सिर्फ एक महिला के साथ गैंगरेप किया, बल्कि महिला की 9 महीने की बच्ची की भी हत्या कर दी. वारदात के बाद महिला बेटी का शव लेकर मेट्रो से दिल्ली आई और फिर शव लेकर दिल्ली से वापस गुड़गांव, मेट्रो से गई. इस मामले में आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.

गुड़गांव के पास मानेसर में इस महिला के साथ जो हुआ, वो किसी हैवानियत से कम नहीं है. महिला के मुताबिक, 29 मई को एक ऑटो ड्राइवर और उसके साथियों ने उसके साथ गैंगरेप किया और उससे पहले उसकी 9 महीने की बेटी की मुंह दबाकर हत्या कर दी और उसे ऑटो से फेंक दिया.

महिला के मुताबिक, 29 मई को उसके पति का कुछ पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था. पड़ोसियों के डर से वो रात करीब 12 बजे अपनी मां के पास जाने के लिए निकल पड़ी. महिला जिस शेयर ऑटो में बैठी, उसका ड्राइवर और उसके दो साथी महिला से बदसलूकी करने लगे. विरोध करने पर महिला की 9 महीने की बच्ची की हत्या कर दी गई. उसके बाद एक सुनसान जगह पर ले जाकर महिला से गैंगरेप किया गया और करीब पांच घंटे तक महिला को अगवा कर रखा गया. हालांकि महिला ने पुलिस को गैंगरेप की शिकायत 3 जून को की. पुलिस अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है और न ही वो ऑटो बरामद हुआ है, जिसमें वारदात को अंजाम दिया गया.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment