नयी दिल्ली, ( संवाददाता ) दिल्ली में नाबालिगों को बड़ी आसानी से शराब उपलब्ध हो रही है क्योंकि 25 साल से कम उम्र के लोगों को दुकानों, बारों और पबों में इसके लिए कोई उम्र प्रमाणपत्र नहीं दिखाना पड़ता है।
गैर लाभकारी संगठन ‘कम्युनिटी एगेंस्ट ड्रंकन ड्राइविंग’ (सीएडीडी) के सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि दिल्ली में मद्यपान की कानूनी उम्र 25 साल है लेकिन 18-25 साल के उम्रवर्ग के 67 फीसद लोगों का कहना है कि वे जब कभी दुकानों पर शराब लेने जाते हैं तो उनसे उम्र प्रमाणपत्र नहीं मांगा जाता है।
दिलचस्प तो यह है कि दुकानों या बारों में उनमें से कभी किसी को मद्यमान की कानूनी उम्र के बारे में बताया भी नहीं गया।
सीएडीडीके के संस्थापक प्रिंस सिंघल ने कहा कि नाबालिगों को शराब की बिक्री पर दिल्ली आबकारी कानून के क्रियान्वयन का असर जानने के लिए एक जून-31 अगस्त के बीच यह सर्वेक्षण किया गया।
सिंघल ने कहा, ‘‘सरकारी शराब दुकानें, बार, पब, आबकारी विभाग, पुलिस इनमें से कभी कोई ग्राहक की उम्र नहीं परखता। यह न केवल न्यूनतम उम्र कानून का पूरी तरह मखौल बनाना है बल्कि कम उम्र वालों को शराब पीने और पीकर गाड़ी चलाने के लिए उकसाना भी है , फलस्वरुप सड़क हादसों में लोगों की जान चली जाती है। ’’ दिल्ली के करीब 6000 लोगों पर यह सर्वेक्षण किया गया। उनमें से 3,976 पुरुष और 2,024 महिलाएं थीं। उनमें 18-25 उम्र के 3,422 लोग थे। सर्वेक्षण के अनुसार कम उम्र के लोगों द्वारा मद्यपान, खरीद और बिक्री से जुड़ा कानून धरातल पर कहीं नजर ही नहीं आता जबकि दिल्ली के आबकारी विभाग के अनुसार कम उम्र के लोगों को शराब की बिक्री के निमयों का जब भी उल्लंघन किया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाती है।



0 comments:
Post a Comment