कुसूरवार साबित होने पर दोषियों को सजा दिलाने के लिए स्कूल की मान्यता होगी रद्द: शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा - rambilas sharma says ryan international school recognition can be canceled





गुड़गांव: गुड़गांव के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 7 साल के बच्चे प्रद्युम्न की बेरहमी से हत्या के बाद आज दूसरे दिन भी गुस्साए अभिभावकों का प्रदर्शन जारी है. अभिभावकों के गुस्से को देखते हुए प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया गया है. मगर वह लोग स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.


बीते शुक्रवार बस कंडक्टर अशोक ने स्कूल में दूसरी क्लास में पढ़ने वाले प्रद्युम्न की बेरहमी से हत्या कर दी थी. कबूलनामे में अशोक ने बताया कि वह प्रद्युम्न के साथ कुकर्म करने की कोशिश कर रहा था. प्रद्युम्न ने शोर मचाया तो उसने मासूम का गला रेत दिया.


घटना के बाद प्रद्युम्न के परिजनों और अभिभावकों ने गुड़गांव पुलिस कमिश्नर के दफ्तर का घेराव किया था. शनिवार सुबह एक बार फिर वह लोग कमिश्नर दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने के लिए जुटे. सीपी ऑफिस के बाहर अभिभावकों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है.


प्रद्युम्न के परिजन महज बस कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. उनकी मांग है कि स्कूल के खिलाफ भी FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए. वहीं अभिभावकों के बढ़ते गुस्से को देखते हुए शनिवार को स्कूल मैनेजमेंट ने प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया है. स्कूल से बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है.


वहीं आरोपी बस कंडक्टर अशोक के परिजन उसका बचाव कर रहे हैं. अशोक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी ने कहा, 'अशोक इस तरह के नहीं हैं. पुलिस ने अशोक को फंसाया है.' बताते चलें कि अशोक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. अशोक के गांव वाले भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

इस मामले में हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि सरकार की इस मामले पर पूरी नजर है. वह रविवार को गुड़गांव जाएंगे और जांच टीम से मुलाकात करेंगे. उन्होंने आगे कहा, अगर इस केस में स्कूल मैनेजमेंट कुसूरवार साबित होता है तो वह दोषियों को सजा दिलाने के लिए स्कूल की मान्यता रद्द करने भी नहीं हिचकेंगे.

उन्होंने आगे कहा कि आज शाम तक केस की जांच पूरी हो जाएगी. इस विषय पर रविवार को वह गुड़गांव में एक प्रेस कॉंफ्रेंस भी करेंगे. शिक्षा मंत्री ने बच्चों की फिक्र करते हुए कहा, 'मैं खुद एक पिता हूं. घटना के बाद से मैं भी चिंतित हूं. किसी भी सूरत में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे.'

गौरतलब है कि रेयान स्कूल में घटित हुआ यह ऐसा पहला वाकया नहीं है. पिछले साल जनवरी में दिल्ली के वसंत कुंज स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल में देवांश ककरोरा (6) की पानी की टंकी में डूबकर मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर प्रिंसिपल समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया था.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment