नई दिल्ली, ( विशेष संवाददाता ) ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेंशनल स्टडीज ने रियालंस फाउंडेशन यूथ स्पोटर्स (आरएफवाईएस) फुटबाल टूर्नामेंट के दिल्ली लेग के दूसरे दिन बुधवार को रुक्मीणी देवी इंस्टीट्यूट आफ एडवांस्ड स्टडीज को 6-0 से हरा दिया।
विनय मार्ग काम्पलेक्स में हुए 60 मिनट के मुकाबले में ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ने बेहतरीन खेल दिखाया और रुक्मीणी देवी इंस्टीट्यूट को दोयम साबित किया। मयंक चंद्रशेखर ने दूसरे मिनट में खाता खोला और फिर प्रतीक राणा द्वारा आठवें और 24वें मिनट में किए गए गोल ने हाफ टाइम से पहले ही स्कोर 3-0 कर दिया था।
दूसरे हाफ में ही यही नजारा रहा। ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ने यहां भी अपना दमखम दिखाते हुए तीन और गोल दाग दिए। इस हाफ में आशीष ने 46वें, भाव जोली ने 50वें तथा मानस भाद्रा ने 59वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। इस दौरान रुक्मीणी देवी इंस्टीट्यूट के खिलाड़ी बस गेंद हासिल करने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
अन्य मुकाबलों में कालेज आफ वोकेशनल स्टडीज ने नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी को 5-4 से हराया।इस मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। निर्घारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं।
कपिल मावी, जेरोम काल्वेर्ट, सार्थक बारमा, मयंक सागर और आकाश थापा ने कालेज आफ वोकेशनल स्टडीज के लिए गोल किए जबकि सुभम बिजार्निया, व्योम यादव, अरिंदम मलिक और साहिल नरवाल ने सुभाष इंस्टीट्यूट के लिए गोल किए। पितांजलि मैथानी पेनाल्टी पर गोल मिस करने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे।
ब्वाएज कटेगरी के एक अन्य मैच में श्री अरविंदो कालेज (मार्निंग) ने भगवान परशुराम इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी को 5-0 से हराया। विजयी टीम के लिए फिरोज अहमद ने छठे, जयंत पराशर ने 25वें, नमन भारद्वाज ने 33वें, सूर्या दास ने 45वें और संजय कुमार ने 49वें मिनट में गोल किए।
आरवाईएस टूर्नामेंट अपने अस्तित्व के दूसरे साल में है और इसके मैच देश भर के 17 शहरों में खेला जाते हैं। इस अभियान में कुल 4390 स्कूल, कालेज और इंस्टीट्यूट अपने-अपने शहरों में जारी बादशाहत की जंग में शामिल हैं। हर वर्ग का विजेता नेशनल राउंड में हिस्सा लेगा।
टूर्नामेंट फीफा नियमों के आधार पर खेला जा रहा है और इसके मैचों की अवधि आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित की जाती है। सभी मैचों में अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के मान्यता प्राप्त रेफरी हिस्सा लेते हैं और युवाओं को खेल के लिए सम्पूर्ण माहौल उपलब्ध कराते हैं।
बीते दो सालों में आरएफवाईएस ने अपना एक खास मुकाम बनाया है। अब तो इंडियन सुपर लीग में हिस्सा लेने वाली टीमें भी नई प्रतिभा की तलाश के लिए आरएफवाईएस का रुख करती हैं। पहले ही साल आरएफवाईएस के आठ खिलाड़ी एएफसी क्वालीफायर्स के लिए भारत की अंडर-23 सम्भावित टीम में शामिल किए गए थी। कोच्चि के अजीत सिवान (21) को केरला ब्लासटर्स ने आईएसएल के अगले सीजन के लिए डेवलपमेंट प्लेअर के तौर पर अपने साथ जोड़ा था।
परिणाम –
ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज ने रुक्मीणी देवी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज को 6-0 से हराया। कालेज आफ वोकेशनल स्टडीज ने नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी को 5-4 से हराया। श्री अरविंदो कालेज (मार्निंग) ने भगवाम परशुराम इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी को 5-0 से हराया। पीजीडीएवी कालेज ने जेआईएमएस इंजीनियरिंग मैनेजमेंट टेक्नीकल कालेज को 2-0 से हराया। मोतीलाल नेहरू कालेज (इवनिंग) ने दिल्ली कालेज आफ आटर्स एंड कामर्स को 1-1 से बराबरी पर रोका। इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट आफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोटर्स साइंसेज ने मोतीलाल नेहरू कालेज को 3-1 से हराया।



0 comments:
Post a Comment