बीएमसी ने कार्रवाई के दौरान सात होटल सील कर 417 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए - bmc demolition drive against illegal constructions and restaurants





मुंबई: मुंबई के कमला मिल्स के पब में आग लगने की दिल दहला देने वाली घटना में 14 लोगों के मारे जाने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार को बीएमसी ने 314 स्थानों पर अवैध ढांचों को गिरा दिया और सात होटल सील कर दिए.

बीएमसी ने एक बयान जारी कर कहा कि उसने शहर में और उपनगरों में 624 रेस्तरां, ढाबों व मॉल का निरीक्षण किया और 314 स्थानों पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. इसमें कहा गया कि बीएमसी ने कार्रवाई के दौरान सात होटल सील कर दिए और 417 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए.



एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोअर परेल स्थित पब ‘1 एबव’ के सह-मालिक हितेश सांघवी और जिगर सांघवी के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है. शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में सांघवी बंधुओं, एक अन्य सह-मालिक अभिजीत मनका और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था.


निरीक्षण अभियान का ब्योरा देते हुए बीएमसी प्रवक्ता राम दोतोंडे ने बताया कि नगर निकाय के करीब एक हजार अधिकारी और कर्मचारी इस कार्य में शामिल रहे. उन्होंने बताया कि न सिर्फ मध्य मुंबई बल्कि मलाड और मुलुंद सहित दूर दराज के इलाकों में भी अवैध होटलों और रेस्तरां के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

उन्होंने बताया कि दक्षिण मुंबई में पुलिस मुख्यालय के पास स्थित लोकप्रिय जफरान होटल का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया. इसके लिए नगर निकाय ने अपने पूरे कर्मचारियों को ड्यूटी पर रहने को कहा है. शिवाजी पार्क, मुलुंद, दहीसर, मलाड, पारसी जिमखाना, ग्रांट रोड, अंधेरी और घाटकोपर में भी अभियान चलाया गया.



नगर निकाय ने अपने अधिकारियों को टीमें गठित करने का भी निर्देश दिया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि नए साल की पार्टियों के मद्देनजर रेस्तरां और बार सुरक्षा नियमों का पालन करें.



कमला मिल्स में आग लगने की घटना के बाद शुक्रवार को बीएमसी ने लापरवाही बरतने के आरोप में अपने पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया था. दोतोंडे ने बताया कि मुंबई में 24 वार्ड हैं और सभी वार्डों में तीन टीमें रेस्तरां, पब और भोजनालय की जांच कर रही हैं. उन्होंने बताया कि सभी टीमों में 10-10 सदस्य हैं, जिनमें स्वास्थ्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और निरीक्षक शामिल हैं.



महानगरपालिका प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर रहने को कहा है. कई विभागों के कर्मचारियों के अवकाश और साप्ताहिक अवकाश भी रद्द कर दिए गए हैं. साथ ही इन अधिकारियों और कर्मचारियों को रेस्तरां और पबों की विस्तृत सूची दी गई है, जहां प्रारंभिक जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने की बात सामने आई है.



निकाय प्रमुख अजय मेहता ने सभी सहायक नगरपालिका आयुक्तों और बीएमसी के उपायुक्तों को भेजे अपने संदेश में कहा कि सभी क्षेत्रीय उपायुक्त और वार्ड अधिकारियों से अनुरोध किया जाता है कि वे भवन व फैक्टरी विभागों के कर्मचारियों, चिकित्सा अधिकारी और दमकल विभाग के कर्मचारियों को मिलाकर एक टीम का गठन करें.

इसमें कहा गया कि ये दल संबंधित वार्डों के सभी रेस्तरां में निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि वहां आग लगने से बचने के पुख्ता इंतजाम हैं या नहीं. इसमें यह भी कहा गया कि परिसरों में आग लगने पर बचकर निकलने के लिए रास्ते व सीढ़ियां चौड़ी होनी चाहिए और यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि यह जगह अतिक्रमण से मुक्त हो.


अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि वो इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पब में आग असल में किस कारण से लगी? इस भीषण आग में 14 लोगों की जान चली गई थी और 21 लोग झुलस गए थे. मृतकों में खुशबू बंसाली भी थीं, जिनके 29वें जन्मदिन पर वहां पार्टी का आयोजन किया गया था.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment