पटना से अगवा छात्र को पुलिस ने 12 घंटे में सकुशल मुक्त करा लिया - bihar patna school student kidnapping ransom recovered accused arrested





पटना: बिहार की राजधानी पटना से मंगलवार को अगवा हुए एक छात्र को पुलिस ने 12 घंटे में सकुशल मुक्त करा लिया. छात्र को छोड़ने की एवज में अपहरणकर्ताओं ने 1.5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी. पुलिस ने एक ऑपरेशन के तहत बच्चे को मुक्त करा लिया और पांच आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए.

पटना के पाटलिपुत्र इलाके से मंगलवार की सुबह एक निजी स्कूल के नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र मोहम्मद जायद को मंगलवार की सुबह उस समय अगवा कर लिया गया था, जब वह दानापुर स्थित अपने स्कूल जा रहा था. अगवा छात्र के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

इस बीच अपहर्ताओं ने जायद के परिजनों को फोन कर उनसे डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांग थी. इसके बाद पुलिस तेजी से बच्चे की तलाश में जुट गई. और महज 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल मुक्त कराया और पांच बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया.

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बुधवार को कहा कि मोहम्मद जायद का अपहरण होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया और 12 घंटे के अंदर मंगलवार की रात पटना के गर्दनीबाग के भीखाचक से अपहृत जायद को बरामद कर लिया गया.

एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि अगवा छात्र जायद को अपहरणकर्ताओं ने एक लोहे की जंजीर से बांधकर रखा था. इस मामले के मास्टर माइंड शशि रंजन सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. जायद के पिता मोहम्मद आरिफ मलिक कुवैत से इंजीनियर के पद से अवकाश प्राप्त हैं. वह पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं.



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment