मुंबई: गुजरात पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने शुक्रवार को कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘अपना नेता’ नहीं मानते और उन्होंने प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश की वकालत की.
पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पीएएएस) के नेता ने घोषणा की कि योग्यता के अनुरूप 25 वर्ष का होने के बावजूद वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. पटेल ने यहां एक समारोह में कहा, ‘मैं राहुल गांधी को व्यक्तिगत स्तर पर पसंद करता हूं लेकिन मैं उन्हें नेता नहीं मानता क्योंकि वह मेरे नेता नहीं हैं.’
गुजरात के पाटीदार समुदाय के आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे पटेल ने पिछले वर्ष दिसम्बर में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के साथ मिलकर काम किया था. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने उनके आंदोलन का ‘पूरा समर्थन’ किया और गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा की संख्या 60 होती न कि उसे 99 सीटें मिलतीं. 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं.
पटेल ने कहा, ‘लेकिन गुजरात विधानसभा में कांग्रेस के प्रतिनिधियों की पूरी संख्या देखकर खुशी होती है. अब वे गुजरात के लोगों की आवाज पूरे विश्वास के साथ उठा रहे हैं.’



0 comments:
Post a Comment