चंदन की हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद Thandal used in Chandan's murder recovered



कासगंज (उत्तर प्रदेश),  (भाषा) पुलिस ने गणतंत्र दिवस के मौके पर जुलूस के दौरान चंदन गुप्ता की हत्या में मुख्य आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया तमंचा आज बरामद कर लिया।

पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य आरोपी सलीम से पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर झाडियों से तमंचा बरामद किया गया।

इस बीच जिलाधिकारी आर पी सिंह के निर्देश पर मुख्य आरोपी के नाम पर जारी दो हथियार के लाइसेंस निरस्त कर दिये गये।

सिंह ने बताया कि दो हथियारों एक रिवाल्वर और एक डीबीबीएल गन के लाइसेंस सलीम के नाम पर थे जो रद्द कर दिये गये हैं। ये भी जांच की जा रही है कि इन दो हथियारों का इस्तेमाल उक्त घटना में किया गया था या नहीं।

चंदन गुप्ता हत्या मामले में मुख्य आरोपी सलीम को 31 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद तीन फरवरी को एक अन्य आरोपी राहत को गिरफ्तार किया गया।

कासगंज में गणतंत्र दिवस के मौके पर भड़की सांप्रदायिक हिंसा में चंदन की गोली लगने से मौत हो गयी थी। उसकी मौत के बाद कासगंज में हिंसा तेज हो गयी। कई दुकानों, बसों और अन्य वाहनों को आग लगा दी गयी।

प्रशासन ने एक व्हाटसऐप समूह के एडमिन को भी गिरफ्तार किया जो आपत्तिजनक एवं भडकाऊ पोस्ट कर रहा था।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment