देवरिया । गौरी बाजार थानाक्षेत्र के एक स्कूल में बुधवार दोपहर मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान झंडा स्तंभ गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए ।
पुलिस ने बताया कि घायलों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता देख रही गांव की पांच महिलाएं और एक छात्रा शामिल है । हादसा गौरी बाजार के प्राथमिक विद्यालय मदैना में हुआ। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है ।
जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
ग्राम पंचायत उसरी बुजुर्ग के मदैना टोले पर ग्रामीणों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का डोल रखा था । सुबह प्राथमिक विद्यालय मदैना के परिसर में ग्रामीण मटकी फोड़ने की तैयारी करने लगे । ग्रामीणों ने एक लोहे की पाइप गाड़ते हुए रस्सी का दूसरा सिरा स्कूल की छत पर बने ब्लॉक झंडा स्तंभ में बांध बीच में मटकी लटका दी । उस समय स्कूल खुला था और शिक्षक दिवस मनाया जा रहा था।
मटकी फोड़ने के प्रयास के दौरान युवाओं की टोली अनियंत्रित हो गई । इसी दौरान सबसे उपर चढ़ा युवक रस्सी पकड़ कर लटक गया । स्कूल की छत पर बना ईंट का झंडा स्तंभ उसका भार बर्दाश्त नहीं कर सका और भरभरा कर गिर गया ।
इस हादसे में पांचवी कक्षा की छात्रा प्रियंका (10) और कक्षा दो की छात्रा जैनब (8) गंभीर रूप से घायल हो गई ।
इसके अलावा मटकी फोड़ प्रतियोगिता देख रही गांव की पांच महिलाओं को भी चोटें आईं । घायल छात्राओं को लेकर प्रधानाध्यापक दीपक कुमार सिंह सीएचसी गौरीबाजार पहुंचे जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया ।
इसी दौरान रास्ते में प्रियंका की मौत हो गई, जबकि जैनब का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है ।



0 comments:
Post a Comment