शांतिदूत न्यूज नेटवर्क
नयी दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना महामारी को एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा है कि केंद्र सरकार अकेले इससे नहीं लड़ सकती है इसलिए उसे राज्य सरकारों को साथ लेकर पारदर्शिता के साथ इसका सामना करना चाहिए और रणनीतिक तरीके से लॉकडाउन खोलना चाहिए।
श्री गांधी ने शुक्रवार को यहां वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना की देश में आज जो स्थिति है उस पर काबू पाने के लिए और आगे निकल कर काम करने की जरूरत है। यह काम केंद्र सरकार अकेले नहीं कर सकती बल्कि इसके लिए राज्यों को साथ लेना चाहिए। कई राज्यों के मुख्यमंत्री और कई जिलों के जिलाधिकारी इस स्थिति से और बेहतर तरीके से निपट सकते हैं इसलिए केंद्र सरकार को कोरोना के खिलाफ लड़ाई को जिला स्तर तक ले जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र को मुख्यमंत्रियों पर और मुख्यमंत्रियों को अपने जिलाधिकारियों पर भरोसा कर ही इस लड़ाई को लड़ना है। एक दूसरे पर भरोसा नहीं होगा तो बहुत बडा संकट पैदा होगा इसलिए इस काम में पारदर्शिता अपनाते हुए कोराेना के खिलाफ जिला स्तर पर लड़ने की जरूरत है। इस लड़ाई को प्रधानमंत्री कार्यालय से नहीं बल्कि जिला स्तर पर ले जाकर लड़ना होगा तब ही इस पर काबू पाया जा सकता है।
लॉकडाउन खोलने संबंधी एक सवाल पर उन्होंने कहा कि इसको रणनीतिक तरीके से खोलने की आवश्यकता है और प्रवासी मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस पर विचार किया जाना चाहिए।



0 comments:
Post a Comment