सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद । थाना साहिबाबाद क्षेत्र में सीओ बॉर्डर कार्यालय के ठीक सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बिल्डर की कार से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बिल्डर और उसका चालक शोर मचाते रह गए और बदमाश पुलिस कार्यालय के सामने वारदात को अंजाम देकर आराम से चलते बने।
जानकारी के अनुसार इकबाल वहीद बिल्डर का काम करते हैं और नगर निगम में ठेके लेते हैं। इसके अलावा उनके भाई का एक समाचार पत्र भी गाजियाबाद से निकलता है । उनका ठेका साहिबाबाद क्षेत्र में नगर निगम का चल रहा है। इस संबंध में वह अपने चालक विजय शर्मा के साथ यहां आए हुए थे । मेट्रो स्टेशन और सीओ साहिबाबाद ऑफिस के ठीक सामने एक बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार में तेल निकलने का झांसा दिया और उनके कार में रखा नोटों से भरा बैग लूटकर ले गए। इस संबंध में बिल्डर ने घटना की सूचना तुरंत थाना साहिबाबाद को दी। यही सीओ बॉर्डर कार्यालय के पास पुलिस का कंट्रोल रूम है। इसके बावजूद बदमाश नहीं पकड़े गए ।
उधर थानाध्यक्ष साहिबाबाद अनिल कुमार शाही और एएसपी केशव कुमार ने मीडिया से बात करना तो दूर किसी का फोन रिसीव तक नहीं किया। थाना साहिबाबाद पुलिस पर आरोप है कि उसने बदमाशों को पकड़ने के बजाय मामले को मैनेज करने में सारा समय बर्बाद किया । वह बिल्डर भी जो मीडिया से मदद की गुहार लगा रहे थे बाद में मीडिया से बचते नजर आए। फोन पर उन्होंने 50 हजार की लूट बताया लेकिन अपने अखबार में छापा कि केवल दस हजार बैग में थे।



0 comments:
Post a Comment