नई दिल्ली : दिल्ली में चिकनगुनिया का प्रकोप बढ़ने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस बीमारी से पांच लोगों के मरने की खबर है और पीड़ितों की संख्या 1,000 के पार चली गई है। दिल्ली में मंगलवार को एक व्यक्ति की चिकनगुनिया से मौत हो गई। सर गंगा राम अस्पताल में 75 वर्षीय प्रकाश कालरा की मंगलवार शाम इस बीमारी से मृत्यु हो गई। कालरा मथुरा के रहने वाले थे। सोमवार को इसी अस्पताल में तीन वृद्ध लोगों की चिकनगुनिया से मौत हुई थी।
अस्पताल के अधिकारियों ने कहा, ‘उसे काफी गंभीर हालत में इस अस्पताल में लाया गया था और उसकी किडनी फेल हो गई थी। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उसकी चिकनगुनिया आरटी-पीसीआर रिपोर्ट सकारात्मक आई।’ अधिकारियों ने कहा कि 65 वर्षीय रामेन्द्र पांडेय की सर गंगा राम अस्पताल में चिकनगुनिया से कल मौत हो गई। कल इसी अस्पताल में उदय शंकर और 62 वर्षीय अशोक चौहान की भी मौत हुई। इन सभी की मौत चिकनगुनिया से होने की आज पुष्टि हुई।



0 comments:
Post a Comment