मुलायम सिंह यादव द्वारा समाजवादी पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर आज शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी ने जो जिम्मेदारी दी है उसे निभाऊंगा। वहीं मंत्री पद से हटाए जाने पर उन्होंने कहा कि ये मुख्यंत्री का विशेषाधिकार है। वो जिसे चाहें रख सकते हैं, जिससे चाहें सलाह ले सकते हैं, ये उनका अधिकार है। इस्तीफे के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इसका फैसला वे नेताजी से मिल कर करेंगे।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को देर शाम अचानक हुए घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्थान पर कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। इसके दो घंटे बाद ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिवपाल के कमोबेश सभी महकमे छीन लिए और उन्हें समाज कल्याण के साथ भूमि विकास एवं जल संसाधन का कार्यभार दिया।
शिवपाल यादव ने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। संगठन में परिवर्तन के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि संगठन में जहां भी परिवर्तन की जरूरत होगी वहां किया जाएगा।



0 comments:
Post a Comment