उरी हमले में शहीद जवानों के त्याग को जाया नहीं होने देंगेः पर्रिकर-Manohar Parrikar Asks Army To Take Firm Action

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सेना प्रमुख और कमांडरों को जम्मू-कश्मीर में उरी के सैन्य शिविर पर हुए आतंकवादी हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है।

रक्षा मंत्री ने ट्वीट कर कहा, 'उरी हमले के बाद कश्मीर की स्थिति को लेकर सेना प्रमुख और कमांडरों के साथ समीक्षा की। इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।'

उरी सैन्य शिविर के दौरे के बाद रक्षा मंत्री ने कहा, 'घायलों को देखने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिये हैं।'

उन्होंने कहा कि बहादुर सैनिकों के महान त्याग को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उन्होंने इस हमले की निंदा करते हुए कहा, 'मैं महान बलिदान करने वाले इन शहीदों को सलाम करता हूं।'

गृह सचिव जाएंगे श्रीनगर

केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि सोमवार को श्रीनगर जाएंगे और उरी में आतंकी हमले के मद्देनजर जम्मू कश्मीर में उत्पन्न स्थिति की समीक्षा करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री के निर्देशों के अनुरूप महर्षि सोमवार को श्रीनगर जाएंगे और राज्य के अधिकारियों, सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ बैठकें करेंगे तथा स्थिति का जायजा लेंगे।

केंद्रीय गृह सचिव प्रदेश के राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से भी मिल सकते हैं और जम्मू कश्मीर में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment