सीवान, ( संवाददाता ) पुलिस ने शुक्रवार को पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड के संदिग्ध आरोपी कैफ उर्फ बंटी के दक्खिन टोला स्थित घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। सीजेएम ने गुरुवार को ही पुलिस के आवेदन पर कुर्की का आदेश दिया था।
एसपी सौरभ कुमार साह के आदेश पर पुलिस कैफ के टाउन थाने स्थित दक्खिन टोला स्थित आवास पहुंची। पुलिस टीम के साथ एसटीएफ की चीता यूनिट, करीब आधा दर्जन थाने की पुलिस, अर्धसैनिक बल व बड़ी संख्या में महिला पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस टीम ने पहुंचते ही पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया, ताकि किसी विरोध की स्थिति में कार्रवाई की जा सके। टाउन इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के नेतृत्व में टीम बंटी के घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में जुट गई।
घर की महिलाओं ने इसका हल्का विरोध किया, लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक न चली। घर के एक-एक कमरे को खंगाल कर समान को जब्त कर पुलिस कई खेप में टाउन थाने ले गई। इस दौरान कैफ की मां और उसके परिवार की महिला सदस्य उसे किक्रेट का एक अच्छा कोच बताते हुए कहा कि जानबूझ कर कैफ को फंसाया गया है।
कैफ के तीन साथियों ने सरेंडर किया
मोहम्मद कैफ के तीन साथी और सह आरोपितों ने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में टाउन थाने के दक्खिन टोला के छोटे मियां, कयूम मियां व विक्की मियां शामिल हैं। गुरुवार से ही मोहम्मद कैफ उर्फ बंटी के आत्मसमर्पण को लेकर चर्चा चल रही थी। इसे लेकर शुक्रवार को भी पुलिस ने कचहरी परिसर की नाकेबंदी कर दी थी। इस कारण कैफ ने आत्मसमर्पण नहीं कर सका। कैफ समेत इन तीनों पर दक्खिन टोला के और इंजीनियरिंग कॉलेज के क्लर्क फिरोज साई ने रंगदारी मांगने व रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।



0 comments:
Post a Comment