रिकॉर्ड 900वें वनडे में भारत की ऐतिहासिक जीत, 6 विकेट से हारा न्यूजीलैंड - India vs new zealand odi series

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला गया. टीम इंडिया ने ऐतिहासिक 900वें वनडे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली. भारत ने 191 रन के लक्ष्य को 33.1 ओवर में 4 विकेट पर 194 रन बनाकर हासिल कर लिया. विराट कोहली ने छक्का लगाकर जीत दिलाई. कोहली 81 गेंदों में 85 रन बनाकर नाबाद लौटे. उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया. अजिंक्य रहाणे ने 33 (34 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के), तो कप्तान एमएस धोनी ने 21 रन (1 चौका, 1 छक्का) की पारी खेली.

कीवी टीम से डी ब्रेसवेल, ईश सोढ़ी और जेम्स नीशाम ने एक-एक विकेट लिया. भारत की ओर से गेंदबाजी में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 3-3, तो उमेश यादव और केदार जाधव ने 2-2 विकेट झटके. कप्तान के रूप में जीत के मामले में अब एमएस धोनी वर्ल्ड में दूसरे नंबर पर आ गए हैं. न्यूजीलैंड ने टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए 43.5 ओवर में 190 रन बनाए थे. ओपनर टॉम लाथम 98 गेंदों में 79 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया. लाथम के अलावा टिम साउदी ने तेज फिफ्टी (45 गेंद, 55 रन) लगाई.

टी-20 में अपनी छाप छोड़ने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने वनडे में भी शानदार ढंग से पदार्पण किया. उन्होंने 7 ओवर में 31 रन देकर 3 अहम विकेट (मार्टिन गप्टिल, कोरी एंडरसन और ल्यूक रॉन्ची) चटकाए. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच दिया गया.

टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी वनडे में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले दुनिया के दूसरे कप्तान बन गए हैं. उनकी कप्तानी में टीम ने 195 मैच में से 108 जीते हैं. उनसे आगे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने 230 में से 165 मैच जिताए हैं. इस मैच से पहले वह ऑस्ट्रेलिया के ही पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर के साथ बराबरी पर थे. बॉर्डर ने 178 वनडे मैचों में कप्तानी की थी, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने 107 मैच जीते थे.
टीम इंडिया ने अपना पहला वनडे 1974 में खेला था. उसका पहला मैच 13 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स पर हुआ था. तब से लेकर वह 900 वनडे खेल चुकी है. इस दौरान उसने 455 वनडे में जीत दर्ज की है, जबकि 399 मैच हार गई, वहीं 7 मैच टाई रहे और 39 मैच बेनतीजा रहे. वनडे खेलने के मामले में टीम इंडिया नंबर वन पर है. दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम है. कंगारू टीम ने अब तक 888 वनडे खेले हैं और 547 वनडे में जीत हासिल की है. ऑस्ट्रेलियाई टीम के खाते में 300 हार, 9 टाई और 32 मैच बेनतीजा रहा है. टीम का जीत प्रतिशत 64.42 का रहा है. लिस्ट में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है. पाकिस्तान ने अब तक 866 मैच खेले हैं.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment