लखनऊ, (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने आज दावा किया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) में मचे अन्दरुनी घमासान की वजह से अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव एक दूसरे के उम्मीदवारों को हराने की हर मुमकिन कोशिश करेंगे।
बसपा संस्थापक कांशीराम की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सुश्री मायावती ने कहा कि सपा में कलह मची है। इसलिए यादव वोट बटेंगे। ऐसे में मुसलमानों को गुमराह हुए बगैर बसपा के पक्ष में मतदान करना चाहिए, ताकि साम्प्रदायिक ताकतों को आसानी से शिकस्त दी जा सके।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार के सत्ता में आने पर लैपटाप और स्मार्ट फोन की जगह नगद रुपये दिये जायेंगे, ताकि लाभार्थी अपने मनमुताबिक चीज खरीद सकें। गौरतलब है कि छात्रों को लैपटाप बांटने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर स्मार्टफोन देने का वायदा किया है। अपने पूरे भाषण के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बेहद आक्रामक नजर आयी सुश्री मायावती ने किसी का नाम लिये बिना कहा कि भाई की पत्नी को अलग करने वाली महिला को भाजपा ने महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उनका आरोप था कि महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष की वजह से ही उनकी भाभी आज भी अलग रह रही हैं।



0 comments:
Post a Comment