BCCI के बैंक अकाउंट्स फ्रीज, नाराज बोर्ड करेगा भारत-न्यूजीलैंड सीरीज रद्द! - Bcci account frozen may cancel cricket series between india and newzealand

बैंक अकाउंट फ्रीज करने के जस्टिस एलएम लोढ़ा समिति के निर्देश से नाराज BCCI अब भारत-न्यूजीलैंड के बीच चल रही सीरीज को रद्द कर सकती है. दोनों देशों के बीच चल रही सीरीज में अभी एक टेस्ट और पांच वन डे मैच होने बाकी हैं.

'द इंडियन एक्सप्रेस' में छपी खबर के मुताबिक बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि बोर्ड अब यह फैसला लेने को मजबूर है. अधिकारी के मुताबिक बैंक ने BCCI के अकाउंट फ्रीज करने के फैसला लिया है. इसके बाद बीसीसीआई के पास भारत-न्यूजीलैंड की सीरीज को रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है.

लोढ़ा समिति के लेटर में 'बैंक ऑफ महाराष्ट्र' और 'येस बैंक' का जिक्र है. 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की खबर के मुताबिक इन दोनों बैंकों ने फैसला लिया है कि वे बीसीसीआई की पेमेंट रोकेंगे. हालांकि बीसीसीआई के के एक सीनियर ऑफिशयल ने कहा कि '6 अक्टूबर तक का इंतजार करें, जब सुप्रीम कोर्ट मामले की अगली सुनवाई करेगा. तब तक सब ठीक हो जाएगा.'

समिति ने सोमवार को बैंकों को लिखे पत्र में कहा, 'समिति को पता चला है कि बीसीसीआई की 30 सितंबर 2016 को हुई आपात कार्यकारी बैठक में कुछ फैसले लिए गए हैं जिसमें विभिन्न सदस्य संघों को काफी बड़ी राशि का वितरण किया गया है.' ये पत्र बीसीसीआई सचिव अजय शिर्के, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जोहरी और कोषाध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी को भी भेजा गया है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment