आंकड़े के बारे में सोचकर खेल का आनंद नहीं उठा सकता खिलाड़ी : अश्विन - Ravichandran ashwin

 भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन घरेलू सत्र के आगामी दस टेस्ट मैचों में 300 टेस्ट विकेट तक पहुंचने के बारे में सोचकर खुद पर अतिरिक्त दबाव नहीं बनाना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे कोई भी खिलाड़ी अपने खेल का आनंद नहीं उठा सकता.

अश्विन ने प्रचार कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, अभी मैं किसी आंकड़े या किसी लक्ष्य का पीछा करने के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं अभी जिस स्थिति में हूं केवल उसका आनंद उठा रहा हूं. जब आप वास्तव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हो तो आप इस बारे में नहीं सोचते कि आप कितना अच्छा कर रहे हो क्योंकि इससे आप खेल का लुत्फ नहीं उठा सकते हो. इसलिए अभी मैं वास्तव में आगे के बारे में नहीं सोच रहा हूं.


अश्विन ने अब तक 39 मैचों में 220 विकेट लिए हैं, जो कि रिकॉर्ड है. उन्होंने स्वीकार किया कि अभी वह अपने करियर के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहे हैं. उन्होंने कहा, पिछले एक साल या उससे पहले से मैंने कहा कि मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं. मेरी लय और मेरा एक्शन वैसा ही है जैसा मैं चाहता हूं. हां, मैं अपने खेल पर गहराई से विचार करता हूं. मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि क्या सही हुआ और क्या गलत, लेकिन मैं यह समझ चुका हूं कि लय बेहद महत्वपूर्ण है. कई बार लय हासिल करना मुश्किल होता है और इसमें थोड़ा समय लगता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी सीरीज के दौरान मेरी लय शानदार थी.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment