इंग्लैंड के खिलाफ नौ नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन बुधवार को किया जाएगा। रणजी ट्रॉफी में करियर की बेस्ट पारी खेलने वाले युवराज सिंह और ओडिशा के खिलाफ 147 रन बनाने वाले गौतम गंभीर पर चयनकर्ताओं की नजर रहेगी। दूसरी ओर लगातार बड़ी पारियां खेलने में असफल रोहित शर्मा पर गाज गिर सकती है। इशांत शर्मा की वापसी तय मानी जा रही है लेकिन सलामी जोड़ी को लेकर चयनकर्ताओं को जरूर माथापच्ची करनी पड़ेगी।
वीवीएस लक्ष्मण के बर्थडे पर वीरू को याद आया 'गब्बर'
आपको बता दें कि दिवाली के दिन ही पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने अपने करियर की बेस्ट पारी खेली है। पंजाब और बड़ौदा के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में युवराज सिंह ने शानदार 260 रनों की पारी खेली। ऐसे में उनका दावा भी टीम में बन रहा है।
सलामी बल्लेबाजों के चयन पर रहेगी नजर
न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में पहले टेस्ट मैच में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के चोटिल होने और इशांत शर्मा के अस्वस्थ हो जाने के कारण चयनकर्ताओं ने अनुभवी ओपनर गौतम गंभीर और आफ स्पिनर जयंत यादव को कोलकाता में दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में रखा। गंभीर ईडन गार्डन्स में नहीं खेल पाये लेकिन कोलकाता टेस्ट मैच के दौरान शिखर धवन के चोटिल हो जाने और उनके इंदौर में तीसरे टेस्ट में बाहर जाने के कारण उन्हें दो साल बाद टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला।
धवन के स्थान पर करूण नायर को टीम में रखा गया था लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाये। यह देखना दिलचस्प होगा कि यदि राहुल और धवन दोनों खेलने के लिये फिट हो जाते हैं तो क्या चयनकर्ता फिर से गंभीर पर भरोसा बनाये रखेंगे जिन्होंने इंदौर में भारत की दूसरी पारी में अर्धशतक जमाया था। पहले ओपनर के तौर पर मुरली विजय पहले ही मौजूद हैं।
रोहित पर लटकी तलवार
टीम में दूसरा सबसे बड़ा सवाल रोहित शर्मा का है जिनके प्रदर्शन में निरंतरता का सख्त अभाव है। न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में आखिरी वनडे में 70 रन बनाने से पहले रोहित ने चार वनडे में 11, 13, 15 और 14 के मामूली स्कोर बनाए थे। यदि तीन टेस्ट मैचों की बात की जाए तो उन्होंने दिल्ली में 35 और नाबाद 68, कोलकाता में दो और 82 तथा इंदौर में नाबाद 51 रन बनाए थे।
अश्विन-जडेजा की वापसी तय
स्पिन विभाग एक बार फिर आफ स्पिनर रविवचंद्रन अश्विन, लेफ्टआर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा और लेग स्पिनर अमित मिश्रा के कंधों पर रहेगा। अश्विन और जडेजा को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पांचों मैचों से विश्राम दिया गया था जबकि मिश्रा 15 विकेट झटककर मैन आफ द सीरीज बने थे। वनडे सीरीज से विश्राम पाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार और इशांत पर तेज आक्रमण का दारोमदार रहेगा।
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ब्रैड हॉग ने किया सनसनीखेज खुलासा, करना चाहते थे आत्महत्या
सीरीज का कार्यक्रम
भारत दौरे पर इंग्लैंड को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मैच नौ से 13 नवम्बर तक राजकोट में, दूसरा 17 से 21 नवम्बर तक विशाखापत्तनम में, तीसरा 26 से 30 नवम्बर तक मोहाली में, चौथा आठ से 12 दिसंबर तक मुंबई में और पांचवां 16 से 20 दिसंबर तक चेन्नई में होगा। इसके बाद तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।


0 comments:
Post a Comment