Note ban: यूपी में नोट बदलने के लिए मोबाइल कैश वैन चलाने का निर्देश, Hindi News



लखनऊ। नोटबंदी से हो रही दिक्कत को देखते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी जिलाधिकारियों को अपने जिले के निवासियों, खास तौर पर ग्रामीणों को नए करेंसी नोट उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय बैंक अधिकारियों से तालमेल कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारियों से इसके लिए बैंक अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक कर कार्ययोजना बनाने और उसी अनुसार कार्यवाही कराने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी अपने जिलों में पुराने नोट बदलवाने के लिए बैंकों द्वारा मोबाइल कैश वैन का संचालन कराएं, ताकि ग्रामीण इलाकों के लोगों को कम से कम असुविधा हो। उन्होंने कहा कि न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत के जिन इलाकों में बैंकों की शाखाएं नहीं हैं, वहां स्थान तय कर विशेष शिविर आयोजित कराए जाएं। लोगों को इसकी जानकारी भी दी जाए, जिससे ग्रामीण जनता अपने नोट बदलवाकर राहत महसूस कर सके। मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्तों को इस व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले से गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, वेतनभोगियों व छोटे व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों के सामने गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। इस वजह से बैंकों से यह उपाय कराए जाने जरूरी हैं। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने जिलाधिकारियों को नमक खत्म होने की अफवाह रोकने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, उप जिलाधिकारियों, जिलापूर्ति अधिकारियों, वाणिज्य कर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा बांट माप विभाग के अधिकारियों से कहा कि अफवाहों का फायदा उठाकर व्यापारी यदि नमक की कालाबाजारी का प्रयास करें तो संयुक्त रूप से छापेमारी और जांच की जाए।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment