पंजाब बीजेपी में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी - Bjp Punjab Unit




नई दिल्ली: गोवा के बाद अब पंजाब में भी टिकट बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी में 'विद्रोह' के स्वर उठने लगे हैं। पंजाब चुनाव के लिए बीजेपी ने सोमवार को बाकी छह नामों की सूची जारी कर दी, लेकिन कुछ ही घंटों में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने इस पर नाखुशी जाहिर करते हुए इस्तीफे की पेशकश कर डाली।

सूत्र बता रहे हैं कि सांपला फगवाड़ा से सोम प्रकाश को टिकट दिए जाने से खुश नहीं हैं, वह वहां से अपनी पसंद का प्रत्याशी चाहते थे। सांपला ने कहा कि अगर पार्टी आलाकमान अपना फैसला नहीं बदलता है तो वह प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री पद दोनों से इस्तीफा देने को तैयार हैं।

बता दें कि बीजेपी ने पंजाब सरकार में अपने दो मंत्रियों मदनमोहन मित्तल और चुन्नी लाल भगत को भी टिकट नहीं दिया है। हालांकि इसकी वजह 75 प्लस का फॉर्म्युला बताया गया है। यह जरूर है कि इनमें से एक मंत्री के बेटे को टिकट दे दिया गया है। पार्टी नेताओं को कहना है कि पिछली चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने इशारा किया था कि 75 साल के फॉर्म्युले का पालन होना चाहिए।पंजाब में 4 फरवरी को मतदान होना है। पंजाब चुनाव के लिए छह और नामों की घोषणा के साथ ही बीजेपी ने अपने सभी 23 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने 12 जनवरी को अपने 17 उम्मीदवारों का ऐलान किया था। पंजाब में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 18 जनवरी है। बता दें कि पंजाब में अकाली दल-बीजेपी गठबंधन को इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से कड़ी चुनौती मिल रही है।

इसके पहले गोवा विधानसभा के स्पीकर अनंत सेठ और मंत्री रमेश तावाड़कर ने भी टिकट न मिलने से नाराज हो कर बागी रुख अपना लिया था। दोनों ने निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ने की बात कही थी।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment