नयी दिल्ली, ( भाषा ) पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में ‘रेनकोट’ संबंधी नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने आज प्रधानमंत्री से इस बयान के लिए माफी मांगने की मांग पर लोकसभा में हंगामा किया और सदन से वाकआउट किया।
शून्यकाल के दौरान लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकाजरुन खडगे ने कहा कि उन्हें खबरों से और समाचारपत्रों से उच्च सदन में दिये गए प्रधानमंत्री के बयान के बारे में जानकारी मिली है। प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री :मनमोहन सिंह: के विरूद्ध कुछ टिप्पणी की, उनका अपमान किया। संसदीय लोकतंत्र में यह ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का उपयोग करना ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री का यह व्यवहार ठीक नहीं है। उन्हें अपमानजनक बातें नहीं करनी चाहिए। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे। वे प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग कर रहे थे।
अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि दूसरे सदन की बात इस सदन में उठाने नहीं दिया जा सकता है। उधर की बात इधर करना ठीक नहीं है। दो दिनों से शून्यकाल नहीं हो पाया है और आप :कांग्रेस सदस्य: दूसरों का हक मार रहे हैं।
संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने भी कहा कि इस सदन में दूसरे सदन की बात नहीं उठा सकते हैं।
शोर शराबे के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को मल्लिकाजरुन खडगे को बात रखने देने का संकेत करते देखा गया।



0 comments:
Post a Comment