नई दिल्ली, ( न्यूज नेटवर्क ) भाजपा नेता और संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के मुताबिक, बैठक, में पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं को सरकार के अच्छे काम का राजदूत होना चाहिए। मोदी ने कहा कि न मैं बैठूंगा न बैठने दूंगा। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि जिस वृक्ष में फल लगता है वह झुक जाता है, इसलिए आप लोगों को विनम्र बनना होगा। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के अनुसार पार्टी अध्यक्ष शाह ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव अहम हैं। उनके लिए भी तैयारी करनी होगी, जो जीत हुई है। उसे आगे बढ़ाना है। बैठक में लाल कृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और रविशंकर प्रसाद समेत तमाम नेता मौजूद थे।
संसदीय सौध में सुबह आयोजित भाजपा संसदीय दल की बैठक में सांसदों ने श्री मोदी और श्री शाह का गर्मजोशी से स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि 11 मार्च को पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा संसदीय दल की आज पहली बैठक हुई। बैठक में एक प्रस्ताव पारित करके श्री मोदी और श्री शाह का अभिनंदन किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि संसदीय दल प्रधानमंत्री की उस अपील का भी सम्मान करता है जिसमें हम सभी से इस अवसर पर विनम्र होकर सभी वर्गों और समुदायों के विकास के लिये दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की बात कही है। पार्टी ने कहा कि ये परिणाम जनता की आशाओं एवं आकांक्षाओं की जीत है।
सुशासन एवं परिवर्तन के यशस्वी नायक के रूप में श्री मोदी के नेतृत्व में देश की जनता के प्रबल विश्वास को इन चुनाव परिणामों ने एक बार पुन: स्थापित किया है। प्रस्ताव में जीत के कारकों के तौर पर मोदी सरकार की योजनाओं -जन धन खाते, फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, खाद की उपलब्धता, सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि का उल्लेख किया गया और कहा कि सीमापार सेना की सर्जिकल स्ट्राइक और विमुद्रीकरण जैसे साहस भरे कदमों से जनता को विश्वास हो गया कि श्री मोदी एक ऐसा भारत बनाना चाहते हैं जो मजबूत एवं उदीयमान हो तथा भ्रष्टाचार एवं कालेधन से मुक्त हो।
प्रस्ताव में कहा गया कि इन दोनों ऐतिहासिक कदमों के खिलाफ चलाये गये सुनियोजित नकारात्मक अभियान और राजनीति से प्रेरित दुष्प्रचार को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। प्रस्ताव में यह भी अपेक्षा व्यक्त की गयी कि विपक्ष इन चुनावों के ऐतिहासिक परिणाम के सही संदेश को समझेगा और उनका दृष्टिकोण अब नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठ कर रचनात्मक मार्ग की ओर आगे बढ़ेगा।



0 comments:
Post a Comment