छठा चरण : थम गया चुनाव प्रचार का शोर Step Six: The noise subsided campaign



लखनउ,  (भाषा)  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के लोकसभा क्षेत्र आजमगढ़ समेत पूर्वाचल के सात जिलों की 49 सीटों के लिये प्रचार का शोर आज शाम पांच बजे थम गया।

इस चरण में भाजपा के हिन्दुत्ववादी नेता सांसद महन्त आदित्यनाथ के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर, माफिया-राजनेता मुख्तार अंसारी के क्षेत्र मउ तथा केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र के संसदीय क्षेत्र देवरिया में चुनाव पर खास नजर रहेगी।

छठे चरण में नेपाल से सटे महराजगंज और कुशीनगर के साथ-साथ गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मउ तथा बलिया जिलों की 49 सीटों पर आगामी चार मार्च को मतदान होगा।

इस चरण के चुनाव प्रचार में भी भाजपा, सपा, कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत लगायी। इस दौरान विभिन्न नेताओं के बीच जबानी कड़वाहट भी जाहिर की गयी। भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने सपा, कांग्रेस और बसपा को ‘सांप’ और ‘समाज के कैंसर’ की संज्ञा दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘कारनामे बोलते हैं’ के जुमले से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। साथ ही सकल घरेलू उत्पाद को लेकर केन्द्र के सकारात्मक आंकड़ों की आड़ में नोटबंदी का विरोध करने वालों को खरीखोटी सुनायी।

मोदी ने अखिलेश सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर लिखी उत्तर प्रदेश की बदहाली बयान करती इबारत का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा ‘नारियल का जूस’ निकलवाकर बेचने की टिप्पणी को लेकर उनका मजाक भी उड़ाया।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गोरखपुर में रोडशो निकाला। अपनी जनसभाओं में उन्होंने राज्य की अखिलेश यादव सरकार पर जमकर प्रहार किये।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment