सीएम नीतीश का आदेश: सरकारी कार्यालयों में होंगे महिला कॉमन रूम CM Nitish orders



पटना, ( न्यूज नेटवर्क )  सरकारी कार्यालयों में महिलाओं के लिए एक कॉमन रूम बनेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भवन निर्माण विभाग को सोमवार को इस संबंध में आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सचिवालय समेत सभी सरकारी भवनों में इसका इंतजाम करें। कॉमन रूम में शौचालय अनिवार्य रूप से हो।

मुख्यमंत्री लोक संवाद कार्यक्रम में पटना की सुनीता कुमारी के सुझाव पर ये आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सभी नौकरियों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण है। सरकारी कार्यालयों में महिलाओं की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में उन्हें कार्यस्थल पर कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। साथ ही पालन घर की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने संबंधी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद कक्ष में आयोजित लोक संवाद में सोमवार को सिर्फ महिलाओं को सुझाव देने के लिए बुलाया गया था। 13 महिलाओं ने सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संविदा पर पढ़ा रहे शिक्षकों की तर्ज पर अतिथि शिक्षकों को भी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों की नियुक्ति में वेटेज दें। पटना की गुंजन पांडेय ने इस संबंध में सुझाव दिया था।

जल्द बने मिथिला पेंटिंग संस्थान : सीएम

मिथिला पेंटिंग के प्रचार-प्रसार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने मधुबनी के रहिका में बनने वाले कला संस्थान के बारे में पदाधिकारियों से जानकारी ली। नाराजगी भी व्यक्त की कि चार साल पहले के निर्णय पर अब-तक काम क्यों नहीं पूरा हुआ। इसे जल्द पूरा करें। पदाधिकारी ने उन्हें बताया कि छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स बना है। तीन साल का डिग्री कोर्स भी बनना है। सुझावकर्ता ऋचा (सहरसा) को उन्होंने जानकारी दी कि 17 अप्रैल को देशभर के स्वतंत्रता सेनानियों को पटना में सम्मानित किया जाना है। उन्हें भागलपुर के सिल्क और मिथिला पेंटिंग भेंट स्वरूप देना है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के मंत्री और पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

किसने क्या सुझाव दिए :

डॉ. एम कुमारी, पटना : रंगीन मछलियों के पालन और उसके व्यवसाय का प्रशिक्षण दिया जाए। कछुओं को संरक्षित किया जाए।

डॉ. सुष्मिता तिवारी, दानापुर : दंत्त चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए। राज्य में दांत से संबंधित रोग के इलाज की बेहतर व्यवस्था हो।

आस्था, खुसरूपुर/अमृता, पटना : महिलाओं को अंग्रेजी भाषा सिखाने और पर्सनेलिटी डेवलपमेंट के लिए कार्यक्रम चलाए जाएं।

रेखा, मुजफ्फरपुर : गांधी कथा को गीत-संगीत के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाए।

डॉ. ऋचा, पटना : कॉलेजों में अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाया जाए।

पटना की अंकिता, आभा चौधरी, शक्ति प्रिया, बेगूसराय की अंशु भारद्वाज आदि ने भी सुझाव दिए।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment