सपा में की जा रही भितरघातियों की पहचान Identification of ghosts in SP



लखनऊ,  (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अर्श से फर्श पर पहुंची समाजवादी पार्टी (सपा) में अब भितरघातियों को चिहिनत करने का काम शुरू हो गया है।

सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आज यहां बताया कि विधानसभा चुनावों की समीक्षा में यह तथ्य उजागर हुआ है कि कुछ लोगों ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के विरूद्घ आचरण कर भाजपा को समर्थन दिया। ऐसे लोगों को जिन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों का विरोध कर अनुशासनहीनता की, चिन्हित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चौधरी ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव परिणामों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आज फरूखाबाद, इटावा, औरैया, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, एटा, कासगंज तथा कई अन्य जिलों के प्रत्याशियों तथा प्रमुख नेताओं से भेंट की।

उन्होंने बताया कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अब युवा संगठनों सहित सभी आनुषांगिक संगठनों और जिला, शहर इकाइयों को भी सक्रिय बनाने की कार्ययोजना बन रही है। साथ ही आगामी 15 अप्रैल से सदस्यता भर्ती की तैयारी भी जोर शोर से की जा रही है।

मालूम हो कि वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में 403 में से 224 विधानसभा सीटें जीतकर सत्ताशीर्ष पर पहुंची सपा हाल में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में मात्र 47 सीटें ही जीत सकी थी।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment