लंदन: चैंपियंस ट्रॉफी के 8वें मैच में आज ग्रुप B की टीम भारत और श्रीलंका लंदन के केनिंगटन ओवल स्टेडियम में आमने-सामने हैं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 46 ओवर में 5 विकेट गवां कर 280 रन बना लिए है. एमएस धोनी (48) और केदार जाधव (0) क्रीज पर हैं.
एक तरफ यहां धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका के खिलाफ वनडे करियर की 10 वीं सेन्चुरी लगाई. वहीं दूसरी ओर एक खबर फ्रेंच ओपन से भी आ रही है जहां भारत के बोपन्ना ने फ्रेंच ओपन मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीत लिया है. रोहन बोपन्ना ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले चौथे भारतीय टेनिस खिलाड़ी बन गए.
पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शानदार ओपनिंग दी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 149 बॉल पर 138 रन की पार्टनरशिप की. ये पार्टनरशिप 24.5 ओवर में जाकर टूटी, जब लसिथ मलिंगा की बॉल पर रोहित शर्मा (78) को थिसारा परेरा ने कैच कर लिया.
इसके बाद अगले ही ओवर में 139 के स्कोर पर दूसरा विकेट भी गिर गया. जब 25.5 ओवर में विराट कोहली (0) नुवान प्रदीप की बॉल पर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे. विराट कोहली गोल्डन डक पर आउट हुए. युवराज सिंह (7) आउट होने वाले तीसरे प्लेयर रहे, जो 33.3 ओवर में असेला गुणारत्ने की बॉल पर बोल्ड हो गए.
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं हुआ है. भारतीय टीम अपने पिछले विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतरी है. वहीं श्रीलंका की टीम में कप्तान एंजेलो मैथ्यूज की वापसी हुई है. इसके अलावा दानुस्का गुनाथिलका और तिसारा परेरा भी श्रीलंकाई टीम में शामिल हैं. भारत और श्रीलंका के बीच यह 150वां वनडे मैच है.
पिछले मैच में भारत ने बल्लेबाजी में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था. शिखर धवन, रोहित शर्मा, युवराज सिंह और कप्तान विराट कोहली ने रनों का अंबार लगा दिया था. गेंदबाजों ने भी समय-समय पर विकेट लेकर दबाव बनाए रखा था. तेज गेंदबाजों के ऊपर ही गेंदबाजी की कमान होगी. हालांकि भारत की फील्डिंग ने पिछले मैच में जरूर निराश किया था. ऐसे में उम्मीद होगी कि इस मैच में सुधार देखने को मिलेगा.
टीम इंडिया के लिए अपने दोनों ओपनरों रोहित शर्मा और शिखर धवन का फॉर्म में लौटना बड़े राहत की बात है. रोहित ने पाकिस्तान के खिलाफ 91 और शिखर ने 68 रन बनाए थे. दोनों ने पहले विकेट के लिए 136 रन की बड़ी साझेदारी की थी जिसने भारत के मजबूत स्कोर की नींव रखी थी. इसका फायदा उठाते हुए विराट ने नाबाद 81 और युवराज सिंह ने 53 रन ठोके थे.
भुवनेश्वर कुमार ,उमेश यादव और हार्दिक पांड्या की पेस बैटरी ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दम दिखाया था. हालांकि यॉर्कर मैन जसप्रीत बुमराह कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए थे. लेकिन उनकी भूमिका डेथ ओवरों में महत्वपूर्ण रहेगी. बुमराह के रोल मॉडल लसिथ मलिंगा श्रीलंकाई टीम में हैं और वह आईपीएल 10 का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस में भी शामिल थे.
भारत के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन को देखते हुए यह कह पाना मुश्किल है कि पहले मैच में बाहर रहे स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की इस मैच में वापसी हो पाएगी या नहीं.
भारत को इस ग्रुप में एक और जीत सीधे सेमीफाइनल में पहुंचा देगी. कप्तान विराट की यही कोशिश रहेगी कि सेमीफाइनल का निपटारा दूसरे मैच में ही कर दिया जाए ताकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 जून को आखिरी ग्रुप मैच में अगर-मगर की कोई गुंजाइश न बचे.
श्रीलंका की टीम साउथ अफ्रीका के 299 रन के जवाब में 203 रन पर सिमट गई थी। श्रीलंका के कार्यवाहक कप्तान उपुल तरंगा ने हालांकि सर्वाधिक 57 रन बनाए थे लेकिन वह धीमे ओवररेट के कारण दो मैचों के लिये निलंबित हो गए हैं और भारत के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे जिसका निश्चित रूप से श्रीलंका की बल्लेबाजी पर असर पड़ेगा.
श्रीलंका के लिये राहत की बात यही है कि उसके नियमित कप्तान और स्टार आलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज अब फिट हैं और उनके भारत के खिलाफ मैच में वह खेलेंगे. मैथ्यूज पहले मैच में नहीं खेल पाए थे. श्रीलंका को भारत के तेज गेंदबाजों का सामना करने के लिए अपने टॉप ऑर्डर में स्थिरता लानी होगी.
श्रीलंका की टीम जरूर कमजोर नजर आ रही है. लेकिन युवा ब्रिगेड को कमजोर समझना भूल भी हो सकती है. श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ होने वाले मैच के लिए अपनी टीम के साथ मैदान पर उतरेंगे. मैथ्यूज अपनी चोट से उबर गए हैं और वह बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह से फिट हैं. हालांकि, उनकी गेंदबाजी पर अब भी संदेह है. मैथ्यूज के फिट होने के बाद श्रीलंका को थोड़ी हिम्मत मिलेगी.
मौसम विभाग ने ओवल के मैदान पर खेले जाने वाले मैच में बारिश की संभावना जताई है. भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले इस मैच पर बारिश का साया है.
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 149 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 83 जीते हैं, 54 हारे हैं, एक टाई रहा है और 11 में कोई परिणाम नहीं निकला है.



0 comments:
Post a Comment