गाजियाबाद, ( संवाददाता ) किसानों को उचित मुआवजा समेत कई मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हापुड़ रोड पर सड़क के बीचोंबीच योग कर विरोध जताया। भाकियू ने सुबह करीब नौ बजे से 12 बजे तक सड़क पर योग किया। इस कारण हापुड़ रोड पर वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई और कई जगह जाम लग गया। यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्ट कर यातायात सुचारु किया लेकिन इससे बाद भी तीन घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे बड़ी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता किसानों व महिलाओं के साथ हापुड़ रोड पर सीबीआइ अकादमी के सामने पहुंचे और सड़क पर डेरा डाल लिया। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिसबल पहुंचा। पहले तो किसानों ने हापुड़ रोड के दोनों मार्गों पर कब्जा किया लेकिन पुलिस ने समझा कर हापुड़ जाने वाले मार्ग पर बुलाया। इसके बाद भाकियू ने विरोध स्वरूप हापुड़ रोड पर योग किया। इस दौरान गो¨वदपुरम की तरफ से चुंगी जाने वाले वाहन की लंबी कतार लग गई। यातायात पुलिस ने विभिन्न मार्गों से रूट डायवर्ट कर वाहनों का निकलवाया। हापुड़ चुंगी से कुछ वाहनों को एएलटी कट होते हुए सेक्टर 23, कमला नेहरूनगर एनडीआरएफ की तरफ से निकलवाया गया जबकि कुछ वाहनों को कमला नेहरूनगर से मोड़कर सीबीआइ के पीछे से होते हुए एनडीआरएफ से निकलवाया। इसके साथ ही कुछ वाहनों को शास्त्रीनगर सर्विस रोड से चिरंजीव विहार कट होते हुए हापुड़ रोड पर मर्ज किया गया। इस दौरान वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।



0 comments:
Post a Comment