नई दिल्ली: फिल्म निर्माता सबा दीवान ने दिल्ली के पास एक ट्रेन में युवक की हुई हत्या के बाद भीड़ द्वारा जाति, धर्म और गाय के नाम पर की जा रही हत्याओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने से जुड़ा एक फेसबुक पोस्ट किया. सबा का पोस्ट और तस्वीर जिसपर 'नॉट इन माइ नेम' लिखा था थोड़े ही समय में वायरल हो गया.
दिल्ली में बुधवार शाम छ बजे जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन हो रहा है, जिसमें देश के अलग-लग इलाकों में भीड़ द्वारा की जा रही हत्याओं के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी. 'नॉट इन माइ नेम' शीर्षक से होने जा रहा यह प्रदर्शन दिल्ली के अलावा देश के 10 और शहरों में भी हो रहा है.
ईद से ठीक पहले दिल्ली के पास एक चलती ट्रेन में भीड़ ने एक मुस्लिम युवक को नाम से मार डाला था. पिछले कुछ समय से देश में भीड़ ने ऐसी ही कई घटनाओं को अंजाम दिया है. पिछले दो महीनों में ही ऐसी 11 घटनाएं हो चुकी हैं. हाल ही में कश्मीर में भी एक पुलिस अफसर को भी भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला था.
इन घटनाओं के बाद ही सबा ने फेसबुक पोस्ट लिखा जो देखते ही देखते फेसबुक और ट्वीटर पर वायरल हो गया.
यह प्रदर्शन दिल्ली के अलावा चंडीगढ़, कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद और त्रिवेंद्रम समेत कई शहरों में आयोजित होगा. वहीं खबर है कि दुनिया के कुछ हिस्सों में भी 'नॉट इन माइ नेम' के आधार पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.



0 comments:
Post a Comment