किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर में लगी आग, 6 लोगों की मौत - massive fire breaks out at kgmu trauma centre yogi adityanath orders probe





लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर में शनिवार को आग लगने की घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए लखनऊ के मण्डलायुक्त को जांच का आदेश दिया. सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना को दुःखद बताते हुए लखनऊ के मण्डलायुक्त को घटना की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई.

सीएम योगी ने कहा कि इसके लिए दोषी व्यक्तियों की जिम्मेदारी निर्धारित किया जाए, जिससे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके. साथ ही इस प्रकार की घटना की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी संस्तुतियां दी जाएं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरन्त मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्थिति को सामान्य करने हेतु सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए. साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि वहां पर किसी भी प्रकार की अफरातफरी न फैले. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वहां पर भर्ती मरीजों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए.


केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में शाम साढ़े सात बजे भीषण आग लगी थी. उस वक्त ट्रॉमा सेंटर में 400 से ज्यादा मरीज भर्ती थे. दूसरे फ्लोर पर स्थित एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट वार्ड में अचानक लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई और तीसरे फ्लोर पर मेडिसिन स्टोर में भी पहुंच गई. अधिकारियों ने बताया कि आग इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी थी. जिलाधिकारी कौशल राज सिंह ने बताया कि दूसरे तल पर मौजूद सभी मरीजों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया. एहतियातन अन्य कुछ तल भी खाली करा लिए गए थे. प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बताया कि मरीजों को अन्य वार्डों में स्थानांतरित किया गया है. उन्होंने कहा कि अभी हमारी मुख्य चिंता मरीजों की सुर​क्षा सुनिश्चित करना है. बताया जाता है कि आग एयरकंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और देखते ही देखते पूरे दूसरे तल पर फैल गई. अधिकारियों ने कहा कि नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment