विदेशी धरती के भी शेर साबित हुए क्रिकेट की दुनिया के 'दादा' - highest number of odi century record by sourav ganguly





नई दिल्ली : क्रिकेट की दुनिया में 'दादा' के नाम से मशहूर सौरव गांगुली का जन्म 8 जुलाई, 1972 को हुआ था. गांगुली आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं. सौरव के पिता चंडीदास गांगुली कोलकाता के अमीर लोगों में शुमार थे. उनका बचपन सुविधाओं से भरपूर था. बचपन से ही सौरव गांगुली को 'महाराजा' के नाम से पुकारा जाता था.


कोलकाता में फुटबॉल बहुत प्रसिद्ध है और शुरू में सौरव गांगुली भी इस खेल के प्रति आकर्षित थे. लेकिन अपने बड़े भाई के कहने पर उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरु किया और फिर वे बन गए क्रिकेट की दुनिया के 'दादा'.

लार्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर सौरव गांगुली ने अपने टेस्ट करियर का आगाज एक असली महाराजा की तरह किया. इस मैच में सौरव ने 131 रनों की पारी खेली. कहते हैं कि अपनी जमीन पर तो हर कोई शेर होता है, लेकिन सौरव गांगुली विदेशी धरती के भी शेर साबित हुए हैं. भारतीय आबोहवा और पिच पर बड़े-बड़े स्कोर खड़े करने वाले कई बल्लेबाज विदेशी दौरों पर हार मान जाते हैं. विदेशी सरजमीं पर स्कोर करना भारतीय बल्लेबाजों की गुणवत्ता का अहम पैमाना रहा है.

विदेशी धरती पर भी इस 'बंगाल टाइगर' ने अपनी धाक जमाई है. एशिया से बाहर सर्वाधिक शतक मारने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सौरव गांगुली टॉप पर हैं. विदेशी धरती पर शतक जड़ने के मामले में गांगुली ने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है. और आज की पीढ़ी के क्रिकेटर भी उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाए हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने वनडे में एशिया से बाहर 12 शतक जड़े हैं.


भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने 1992 में अपना वनडे डेब्यू किया और 2007 में रिटायर हुए. अपने 15 साल के करियर में गांगुली ने 311 मैच खेले. उन्होंने 41.02 के औसत से कुल 11363 रन बनाए. अपने वनडे करियर में गांगुली ने 22 शतक और 72 अर्ध-शतक बनाए. वनडे में उनका अधिकतम स्कोर 183 रन रहा.


सचिन तेंदुलकर ने वनडे डेब्यू 1989 में किया था. 2012 में संन्यास लेने वाले सचिन ने 463 मैचों में 44.83 के औसत से 18426 रन बनाए. सचिन ने इस दौरान 49 शतक और 96 अर्ध-शतक बनाए. वनडे में सचिन का अधिकतम स्कोर नाबाद 200 रन रहा. वनडे मैचों में सर्वाधिक शतक बनाने का नाम सचिन के नाम है.



विराट कोहली ने साल 2008 में वनडे डेब्यू किया. कोहली ने अब तक 189 वनडे मैच खेले हैं. 54.68 के औसत से अब तक वो 8257 रन बना चुके हैं. इस समय भारतीय टीम के कप्तान कोहली 28 शतक और 43 अर्ध-शतक बना चुके हैं. शतक बनाने के मामले में वो केवल सचिन तेंदुलकर और रिकी पोटिंग (30) से पीछे हैं. अभी तक उनका अधिकतम वनडे स्कोर 183 है. इन आंकड़ों से जाहिर है कि विराट कोहली जिस तेजी से शतक बना रहे हैं गांगुली औ तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने के सबसे बड़े दावेदार हैं.


खब्बू बल्लेबाज शिखर धवन ने साल 2010 में डेब्यू किया. वो अब तक 86 मैचों में 10 शतक और 21 अर्ध-शतक लगा चुके हैं. धवन ने अपने अब तक के वनडे क्रिकेट करियर में 43.76 के औसत से कुल 3585 रन बनाए हैं. वनडे में उनका अधिकतम स्कोर 137 रन रहा है.



रोहित शर्मा  ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. अपने अब तक के क्रिकेट करियर में कुल 158 वनडे मैचों में 11 शतक और 31 अर्ध-शतक बना चुके हैं. वनडे में उनका अधिकतम स्कोर 264 रन है, जो वनडे क्रिकेट का दुनिया का सर्वाधिक स्कोर है. रोहित ने अब तक 42.46 के औसत से कुल 5435 रन बनाए हैं.



इंग्लैंड दौरा सौरव की पहली टेस्ट सीरीज थी. लेकिन उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरूआत इससे चार साल पहले यानी वेस्टइंडीज में 1992 में हुई थी. इस दौरे में उन्हें एक ही वनडे  मुकाबला खेलने का मौका मिला मिला था, जिसमें वह मजह तीन रन ही बना सके थे. सौरव इस दौरे पर अपनी नाकामी की वजह से नहीं बल्कि अपने अड़ियल व्यवहार की वजह से चर्चित हुए थे. कहा जाता है कि उन्होंने बतौर एक्स्ट्रा खिलाड़ी मैदान पर ड्रिंक्स ले जाने से भी मना कर कर दिया था. सौरव ऐसे रवैये के चलते लोगों ने कटाक्ष के तौर पर उन्हें ‘महाराजा’ का निकनेम भी दे दिया था.



उस दौरे  के चार साल बाद साल 1996 में सौरव ने इंग्लैंड से एक ऐसे सफर की शुरूआत की जो एक दशक से भी ज्यादा वक्त तक चला. इस सफर के दौरान के सौरव ने क्रिकेट के मैदान पर कुछ ऐसी मिसालें कायम कीं कि वह क्रिकेट के मैदान और उसके बाहर भी ‘महाराज’ की बजाय  ‘दादा’  के नाम से मशहूर हो गए.और उनकी टीम यानी भारत विदेशी धरती पर भी जीतना सीख गया.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment