भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच हर हालत में जीतना होगा - icc womens world cup 2017 india vs new zealand





डर्बी : लगातार दो हार के बाद भारत टूटे मनोबल के साथ आज यानि 15 जुलाई को करो या मरो के मुकाबले में न्यूजीलैंड के साथ खेलने उतरा है. टीम इंडिया के लिए यह मैच क्वार्टर फाइनल की तरह है, जिसमें हार के मायने आईसीसी महिला विश्व कप से बाहर होना होगा. मैच में टॉस न्यूजीलैंड ने जीता है और टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी है.

अंकतालिका में चौथे स्थान पर काबिज भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच हर हालत में जीतना है. बता दें कि लगातार चार जीत के साथ आगाज करने वाली भारतीय टीम को बुधवार को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी. उसे ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट से हराया. पूनम राउत का शतक और कप्तान मिताली राज के रिकार्ड तोड़ 69 रन भी उसे हार से बचा नहीं सके.

मेजबान इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं. आखिरी लीग मैच में ये टीमें सेमीफाइनल में अपनी स्थिति तय करने के लिए उतरेंगी. वहीं भारत और न्यूजीलैंड के लिए यह करो या मरो का मैच है.

भारत ने पिछले मैच में काफी धीमी बल्लेबाजी की. स्मृति मंधाना के जल्दी आउट होने के बाद मिताली और राउत ने धीमी शुरूआत की जिससे ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों को दबाव बनाने का मौका मिला.

एक दिवसीय क्रिकेट में 6000 रन बनाने वाली पहली महिला बनी मिताली ने पहले 20 रन बनाने के लिए 54 गेंद खेली. उन्होंने 69 रन बनाने के लिए 114 गेंद खेल डाली.

पहले दो मैचों में अच्छे प्रदर्शन के बाद मंधाना की बल्ला खामोश है. उसके अलावा राउत, मिताली और हरमनप्रीत कौर से भी अच्छी पारी की उम्मीद है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment