एंटीगा: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज की धरती पर शुक्रवार को इस सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. इंडिया ने विंडीज को एमएस धोनी और अजिंक्य रहाणे की दमदार बल्लेबाजी के बाद कुलदीप यादव और आर अश्विन की गेंदबाजी के दम पर 93 रन से हराया. धोनी को मैन ऑफ द मैच दिया गया. टीम इंडिया के लिए यह जीत इसलिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि विदेशी धरती पर यह उसका 600वां वनडे था. विदेशों में 600 या इससे अधिक वनडे खेलने वाली टीम इंडिया विश्व की दूसरी टीम भी बन गई है. नॉर्थ साउंड, एंटीगा में खेले गए सीरीज के तीसरे मैच में मैदान गीला होने के चलते टॉस में देरी हुई. फिर विंडीज कैप्टन जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर एक बार फिर टीम इंडिया को बैटिंग के लिए बुलाया. इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट पर 251 रन बनाए. जवाब में विंडीज टीम 38.1 ओवर में 158 रन पर आउट हो गई. टीम इंडिया की ओर से आर अश्विन और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट, वहीं हार्दिक पांड्या ने दो विकेट, जबकि उमेश यादव और केदार जाधव ने एक-एक विकेट झटका. विंडीज टीम से जेसन मोहम्मद ने 40 रन, तो रोवमैन पॉवेल ने 30 जोड़े. शाई होप ने 24 रन, तो काइल होप ने 19 और एविन लेविस ने दो रन बनाए.
टीम इंडिया की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने अहम मौके पर शानदार बल्लेबाजी की और वैसा ही रुख अपनाया जिसके लिए वह जाने जाते हैं. धोनी ने 79 गेंदों में नाबाद 78 रन (4 चौके, 2 छक्के) ठोके. अंतिम ओवरों में इसमें उनका साथ केदार जाधव (40 रन, 26 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) ने दिया. जाधव भी नाबाद लौटे. धोनी ने जाधव के साथ पांचवें विकेट के लिए 46 गेंदों में नाबाद 81 रनों की साझेदारी की. अजिंक्य रहाणे ने 72 रन (112 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) रन जड़े. उन्होंने 83 गेंदों में फिफ्टी पूरी की. 78 रन पर नाबाद रहे एमएस धोनी को 28 रन पर जीवनदान भी मिला था. उन्होंने 66 गेंदों में फिफ्टी बनाई. युवराज सिंह ने 39 रन बनाए. उनको डीआरएस से आउट दिया गया. युवी ने रहाणे के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े. धोनी-रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 70 रन जुड़े. शिखर धवन ने महज दो रन बनाए. विराट कोहली (11 रन, 22 गेंद) भी सस्ते में लौट गए.



0 comments:
Post a Comment