कैलिफोर्निया: भारत के परुपल्ली कश्यप और एचएस प्रणय योनेक्स यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं. पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी भी अंतिम-4 में जगह बनाने में सफल रही है. कश्यप ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन समीर वर्मा को 21-13, 21-16 से हराया. यह मैच 40 मिनट चला. अब कश्यप सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के हियो क्वांग ही से भिड़ेंगे. इन दोनों खिलाड़ियों के बीच यह अब तक की पहली भिड़ंत होगी.
प्रणय ने कांता को हराया : दूसरी ओर, टूर्नामेंट के दूसरे वरीय खिलाड़ी प्रणय ने क्वार्टर फाइनल में सुनेयामा कांता को हराया. प्रणय ने एक घंटे तक चला यह मैच 10-21, 21-15, 21-18 से जीता. सेमीफाइनल में प्रणय की भिड़ंत चीन के तेन मिन्ह गुयेन से होगी. इससे पहले इन दोनों के बीच एक बार भिड़ंत होगी चुकी है, जिसमें गुयेन विजयी रहे हैं.
पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में अत्री और रेड्डी ने जापान के हिरोकी ओकामुरा और मासायुकी ओनोदेरा को हराया. भारतीय जोड़ी ने 43 मिनट तक चला यह मैच 21-18, 22-20 से अपने नाम किया. भारतीय जोड़ीदार अंतिम-4 दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे के चिंग याओ लू और पो हान यांग से भिडे़गी. इन जोड़ीदारों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी.



0 comments:
Post a Comment