एक ऐसी घटना जब क्रिकेट के भगवान के आंसू भी छलक उठे थे - sachin tendulkar chennai test mumbai attack 2008 england team team india





नई दिल्ली: सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का भगवान कहा जाता है. लेकिन एक घटना ऐसी भी थी, जिस पर क्रिकेट के भगवान के आंसू भी छलक उठे थे. इसका जिक्र इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज स्टीव हार्मिसन ने अपनी ऑटोबायोग्राफी "स्पीड डिमोन्स" में किया है. अभी हाल ही में स्टीव हार्मिसन ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में सचिन से जुड़ी एक घटना का जिक्र किया है, जिस दौरान सचिन रो दिए थे.

अपनी ऑटोबायोग्राफी में स्टीव हार्मिसन ने 26/11 के मुंबई हमले के दौरान इंग्लैंड की टीम के 2008 में भारत दौरे पर जाने की यादों का जिक्र किया है. उन्होंने बताया इस दौरे पर चेन्नई टेस्ट हारने के बाद जब वह ड्रेसिंग रूम में लौटे तो यह टेस्ट सीरीज खेलने के लिए सचिन तेंदुलकर ने पूरी इंग्लिश टीम को धन्यवाद दिया था. उस वक्त उनकी आंखों में आंसू थे.


स्टीव हार्मिसन बताते हैं कि 2008 में मुंबई हमले के दौरान इंग्लैंड की टीम बेंगलुरु के एक होटल में ठहरी थी. खिलाड़ी इसलिए सकते में थे, क्योंकि दो हफ्ते पहले वे लोग उसी ताज होटल में ठहरे थे, जहां आतंकी हमला हुआ था. हार्मिसन ने लिखा, मैं, एंड्रयू फ्लिंट ऑफ और केविन पीटरसन घटना को देख रहे थे.



मशहूर ताज पैलेस होटल के सामने लाशें पड़ी थीं. कमरों में घुसकर गोलियों की बरसात करके आतंकी मेहमानों का कत्ल कर रहे थे. हमें लगा कि सुरक्षा कारणों की वजह से दौरा रद्द हो जाएगा, लेकिन ईसीबी और बीसीसीआई ने सीरीज जारी रखने का फैसला किया.



हार्मिसन ने इसके बाद इंग्लैंड के सिक्योरिटी एक्सपर्ट रेग डिकिन्सन से बात, जिन्होंने उन्हं सुरक्षा का भरोसा दिलाया. चेन्नई में हुआ पहला टेस्ट भारत 6 विकेट से जीत गया था. चौथी पारी में सचिन ने चौका मारकर अपना शतक पूरा किया और भारत को जीत दिलाई. जब वह ड्रेसिंग रूम में लौटे तो यह टेस्ट सीरीज खेलने के लिए उन्होंने पूरी इंग्लिश टीम को धन्यवाद दिया. उस वक्त उनकी आंखों में आंसू थे.



26/11 के हमले में 150 लोगों की जान गई थी. हार्मिसन ने लिखा, चेन्नई टेस्ट की हार शायद इकलौती थी, जिस पर मैंने ज्यादा गम नहीं किया. मुझे नहीं पता कि एक स्क्रिप्ट राइटर भी इससे अच्छा कुछ ला सकता है कि महान सचिन तेंदुलकर ने एक ही शॉट से भारत को जीत दिलाई और अपना शतक पूरा किया. उनका ड्रेसिंग रूम में आना और इतने प्यार से धन्यवाद कहना बहुत शानदार था.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment