गुड़गांव, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क ) गुड़गांव स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 7 वर्षीय एक छात्र की हत्या के एक दिन बाद स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य को आज निलंबित कर दिया और सभी सुरक्षाकर्मियों को काम से निकाल दिया गया। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के नाराज माता पिता और स्थानीय लोग आज सुबह स्कूल के परिसर के बाहर एकत्र हुए और उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए करीब दो घंटे प्रदर्शन किया।
उधर, गुड़गांव पुलिस आयुक्त ने बताया कि 7 दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट दर्ज करने और मामले की तेज परीक्षण के लिए अनुरोध करने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि बस कंडक्टर की भागीदारी पुष्टीकृत है। अगर कोई अन्य शामिल पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में कमियां तय करने के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है।
प्रदर्शनकारियों ने गुड़गांव पुलिस द्वारा की जा रही जांच पर अंसतोष जताया। उन्होंने यह भी मांग की कि छात्र की हत्या के मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए। जिला जनसंपर्क अधिकारी आर एस सांगवान ने कहा, “रेयान इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य नीरजा बत्रा को निलंबित कर दिया है और सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है।” साथ ही, आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड को भेज दिया गया है।
बस कंडक्टर अशोक कुमार ने दूसरी कक्षा के छात्र के यौन उत्पीड़न की कोशिश के बाद उसकी कथित रूप से हत्या कर दी थी। इस घटना के कुछ घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गुड़गांव के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी नीलम भंडारी को इस मामले में कल तक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव उसके पिता को सौंप दिया गया है। छात्र के पिता वरूण ठाकुर ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वरूण ठाकुर गुड़गांव की एक निजी कंपनी में क्वालिटी मैनेजर के तौर पर कार्यरत हैं।



0 comments:
Post a Comment