चेन्नई, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क ) केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने संयुक्त प्रगितशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में पर्यावरण मंत्री रहीं श्रीमती जयंती नटराजन के चेन्नई स्थित परिसरों में आज छापे मारे। ब्यूरो ने श्रीमती नटराजन के खिलाफ आधिकारिक पद के दुरुपयोग और आपराधिक साजिश के मामले में धारा 120 बी के तहत बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की थी।
ये छापेमारी केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान झारखंड में पर्यावरण मंजूरी देने से संबंधित हैं। जयंती पर 200 हेक्टेयर जमीन देने के मामले में नियमों को ताक पर रखने का आरोप है। सूत्रों ने छापों की पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीमती नटराजन के आवास और कार्यालय परिसर में छापा मारा गया है।
मामले की सीबीआई जांच दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, रांची और ओडिशा के सुंदरगढ़ में भी जारी है। बताते चले कि यूपीए सरकार के दौरान पर्यावरण मंत्री रही जयंती नटराजन ने साल 2015 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पर्यावरण से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी न देने के लिए उन पर राहुल गांधी की ओर से दबाव था।



0 comments:
Post a Comment