हॉस्टल में बीसीए की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की BCA student committed suicide by hanging in hostel



गाज़ियाबाद, विद्यावती गर्ल्स डिग्री कालेज के हॉस्टल में गुरुवार को बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा पुष्पांजलि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रही पुलिस को छात्रा के कमरे से दो सुसाइड नोट मिले हैं, जिनमें उसने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा न उतरने की बात कही है। पुलिस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-93 के 711/62 निवासी बीएल चौधरी ऑटो चालक हैं। उनकी 20 वर्षीय बेटी पुष्पाजंलि चौधरी विद्यावती गर्ल्स डिग्री कालेज में बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। हॉस्टल के कमरा नंबर 29 में वह स्वाति नाम की एक अन्य छात्रा के साथ रह रही थी।

 गुरुवार सुबह नौ बजे स्वाति के कॉलेज जाने के बाद उसने अपनी मां को फोन किया था। फोन पर मां ने बताया कि उसके पिता के ऑटो में बुधवार रात आग लग जाने के कारण वह ऑटो बनवाने गए हैं। यह सुनने के बाद से ही वह तनाव में थी। पंखे से लटकता मिला शव पुष्पांजलि के काफी देर बाद भी कॉलेज न आने के कारण उसकी सहेली स्वाति कमरा नंबर 29 पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर बाद भी कमरा न खुलने पर स्वाति ने हॉस्टल की वार्डन को सूचना दी। इसके बाद वार्डन कॉलेज की प्रिंसिपल के साथ कमरे पर पहुंचीं। पास में ही काम कर रहे एक मजदूर को बुलाकर हथौड़े से दरवाजा तुड़वाया गया। कमरा खुलते ही सबके होश उड़ गए। कमरे में छात्रा का शव पंखे से लटकता हुआ मिला। आनन-फानन में कॉलेज प्रबंधन उसे लेकर एमएमजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर किया। पुष्पांजलि का शव देख बेहोश हुई सहेली पुष्पांजलि के शव को पंखे से लटकता देख उसकी सहेली स्वाति की तबीयत बिगड़ गई और उसे भाटिया मोड़ पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 सीओ सेकेंड रुपेश सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस कालेज प्रबंधक से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। ----- सुसाइड नोट में उम्मीद पर खरा नहीं उतरने की बात लिखी जांच अधिकारी अरुण वर्मा ने बताया कि पुष्पाजंलि के कमरे से दो सुसाइड नोट मिले हैं। जिनमें से उसने अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा न उतरने की बात लिखी है। दूसरे नोट में लिखा है कि वह अपने टूटते परिवार को नहीं देख सकती। वह अपने माता-पिता पर बोझ नहीं बनना चाहती। ऑटों में आग के बाद से तनाव में थी पुष्पांजलि के पिता ऑटो चालक हैं। बुधवार रात उनकी ऑटो में आग लग गई थी। यह बात जानने के बाद से ही छात्रा बेहद तनाव में थी। छात्रा कॉलेज की टॉपर थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -इंदिराणी वर्मा, वीएमएलजी कॉलेज प्रिंसिपल



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment