रेयान स्कूल को तुरंत टेकओवर करने को भी तैयार है हरियाणा सरकार - haryana government preparing to take over ryan international school





चंडीगढ़: रयान इंटरनेशनल स्कूल को हरियाणा सरकार टेकओवर कर सकती है. शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने गुरुवार को विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव केके खंडेलवाल ने बयान दिया है कि सरकार रयान स्कूल को टेकओवर कर सकती है.


खंडेलवाल के मुताबिक सरकार ने रयान का अधिग्रहण करने की पूरी तैयारी कर ली है और जरूरत पड़ने पर इस बारे में फैसला लिया जा सकता है. मामले में तीन सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट आ चुकी है जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रेयान स्कूल को तुरंत टेकओवर करने को भी तैयार है. विभाग के निदेशक ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस भी भेजा है.


उन्होंने कहा कि सरकार निजी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों की सुरक्षा की भी जांच करेगी. सरकार इसके लिए एक स्पेशल सेल बनाएगी. सुरक्षा को लेकर नियम पहले से बने हुए हैं, नई गाइड लाइन शुक्रवार को जारी होगी. हरियाणा स्कूल शिक्षा नियम के तहत कानून बने हुए हैं. इसमें सुरक्षा को दरकिनार करने वाले सभी जिम्मेदारों के खिलाफ केस दर्ज किए जा सकते हैं.



खंडेलवाल ने कहा कि समय सीमा के भीतर स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, यह सुनिश्चित किया जाएगा. जिन स्कूलों में कमी पाई गई, सरकार के पास उनको टेकओवर करने के अधिकार हैं.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment