महन्तों ने की मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात Mahantas meet the Chief Minister Yogi



लखनऊ,  (भाषा) विभिन्न अखाड़ों से सम्बन्धित महन्तों ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके वर्ष 2019 में इलाहाबाद में होने वाले अर्द्धकुम्भ की तैयारियों के बारे में विचार-विमर्श किया।

अयोध्या के निर्वाणी अनि अखाड़े के महन्त धर्मदास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महन्तों ने मुख्यमंत्री से गुजारिश की कि अब तक जिन अखाड़ों को अर्द्धकुम्भ मेला परिसर में जगह नहीं मिल पाती थी, उन्हें राज्य सरकार जगह उपलब्ध कराए।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा योगी से मेला क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा मेले के दौरान गंगा में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की गुजारिश भी की गयी है।

धर्मदास ने बताया कि सभी महन्तों ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे गंगा नदी के निर्मलीकरण कार्य में सरकार को पूर्ण सहयोग देने के इच्छुक हैं।

हाल में कई बाबाओं को ‘फर्जी’ घोषित किये जाने के बारे में पूछे जाने पर महन्त ने कहा कि उन लोगों को ‘बाबा’ कहना बिल्कुल गलत है। दरअसल वे गृहस्थ वर्ग से सम्बन्ध रखते हैं और उन्हें अपनी गृहस्थी पर ध्यान देना चाहिये।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment