पाकिस्तान ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास किया संघर्षविराम का उल्लंघन Pakistan violated the ceasefire by the Line of Control in Poonch district



पुंछ (जम्मू),   (भाषा) पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर आज गोलीबारी करके संघर्षविराम का उल्लंघन किया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेंढर सेक्टर के देबराज, कृष्णा घाटी और ईशापुर में सीमा पार से सुबह करीब साढ़े 10 बजे गोलीबारी शुरू हुई जिसके बाद सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने कहा कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी थी।

इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इससे पहले सात सितंबर को 10 मिनट तक चली पाकिस्तानी गोलीबारी में भारतीय सेना के लिए काम करने वाले दो कुली जख्मी हो गए थे।

एक अधिकारी ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में एक सितंबर को अग्रिम चौकियों पर नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक कमलजीत सिंह घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया और चौकी से ले जाया गया लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।

पाकिस्तानी सैनिकों ने चार सितंबर को पुंछ जिले के देगवार और मलदालयन इलाकों में दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया था।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment