बार्सिलोना: कैटेलोनिया के नेताओं ने स्पेन से आजादी की घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. हालांकि, उन्होंने पत्र को तत्काल स्थगन पर रख दिया, जिसके बाद उन्होंने देश के राजनीतिक संकट पर मैड्रिड से बातचीत का आह्वान किया. वहीं इस घटनाक्रम के बीच स्पेन के प्रधानमंत्री मैरियानो राजोय केंद्र सरकार की तरफ से दी जाने वाली प्रतिक्रिया को लेकर आज कैबिनेट की आपात बैठक करने वाले हैं. कैटेलोनिया राष्ट्रपति कार्ल्स पुइग्डेमोंट ने कल बार्सिलोना में क्षेत्रीय सांसदों को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने ‘‘स्वतंत्र गणराज्य बनने के कैटेलोनिया लोगों के जनमत को स्वीकार कर लिया है.’’ कैटेलोनिया में स्वतंत्रता के मुद्दे पर गत एक अक्टूबर को जनमत संग्रह हुआ था जिसे स्पेन सरकार ने प्रतिबंधित घोषित कर दिया था.
स्पेन के प्रधानमंत्री राजोय ने कैटेलोनिया को स्वतंत्र देश बनने से रोकने के लिए अपने अधिकारों के दायरे में हर संभव कदम उठाने का संकल्प लिया है. उन्होंने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सात बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है.
क्षेत्रीय सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुइग्डेमोंट और उनके सहयोगियों ने संसद चैम्बर के बाहर स्वतंत्रता की घोषणा पर हस्ताक्षर किए, लेकिन तत्काल इसे स्थगन पर रख दिया और स्पेन सरकार के साथ वार्ता के लिए पुन: आह्वान किया.
गौरतलब है कि दो अक्टूबर को स्पेन में भारी हिंसा के बीच कैटेलोनिया प्रांत में जनमत संग्रह हुआ था. 90 प्रतिशत लोगों ने स्पेन से अलग होने के पक्ष में मतदान किया था. हालांकि स्पेन सरकार ने इस जनमत संग्रह को अवैध करार दिया है. प्रधानमंत्री मारिआनो राजॉय ने कहा था कि जनमत संग्रह हुआ ही नहीं था. उन्होंने दावा किया कैटेलोनिया के अधिकतर लोग स्पेन से अलग नहीं होना चाहते.
वहीं दूसरी तरफ स्पेन से अलग देश की मांग कर रहे कैटेलोनिया के शीर्ष नेता कार्ल्स पुईग्देमोंत ने दावा किया था कि मतदान के बाद कैटेलोनिया को स्वतंत्र देश के तौर पर अस्तित्व में आने का अधिकार मिल गया है.



0 comments:
Post a Comment