क्रॉस कंट्री बाइकर सना इकबाल की कार हादसे में मौत - cross country woman biker sana iqbal dies in car crash





हैदराबाद:  आत्महत्या एवं अवसाद के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अभियान चला चुकीं क्रॉस-कंट्री बाइकर सना इकबाल की मंगलवार तड़के हैदराबाद के पास एक कार हादसे में मौत हो गयी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तड़के साढ़े तीन बजे शहर के बाहरी इलाके में हुए हादसे में उनके पति घायल हो गए.



नरसिंगी पुलिस थाने के निरीक्षक जी वी आर गौड ने बताया कि 29 साल की सना और उनके पति कार से यहां के टोलीचौकी इलाके में स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे जब कार बाहरी मुद्रिका सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई. उन्होंने कहा, ‘‘सना के पति अब्दुल नदीम कार चला रहे थे. सना हादसे में बुरी तरह घायल हो गईं और उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. हादसे में घायल हुए उनके पति का इलाज चल रहा है.’’




हैदराबाद में रहने वालीं सना कुछ साल पहले चर्चाओं में आई थीं जब वह आत्महत्या के मामलों और खास तौर से छात्रों में इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से देश भर में अकेले एक मोटरसाइकिल अभियान पर निकली थीं. पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर आईपीसी की धारा 304ए (लापरवाही के कारण हत्या) और दूसरी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment