एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले मैच में जापान से खेलेगी भारतीय हॉकी टीम - sjoerd marijnes india to take on japan in mens asia cup hockey





ढाका: एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आगाज बुधवार से होने जा रहा है. एशिया में नंबर एक का अपना दर्जा बनाये रखने की कवायद में भारतीय हॉकी टीम टूर्नामेंट के पहले मैच में जापान से खेलेगी. एशिया कप भारतीय हॉकी में नये युग का सूत्रपात भी होगा चूंकि रोलेंट ओल्टमेंस की बर्खास्तगी के बाद नए कोच जोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में यह पहला टूर्नामेंट होगा. ओल्टमेंस के चार साल के कार्यकाल में भारतीय हॉकी टीम वर्ल्‍ड रैंकिंग में 12वें से छठे स्थान पर पहुंच गई थी.



पिछली बार उपविजेता रही भारतीय टीम की कमान मिडफील्डर मनप्रीत सिंह के हाथ में है. भारत को पूल 'ए' में जापान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ रखा गया है.पूल 'बी' में गत चैम्पियन कोरिया, मलेशिया, चीन और ओमान हैं. भारत का इरादा जीत के साथ आगाज करने का होगा. मनप्रीत ने कहा,‘शुरुआती मैच हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि हमें नर्वस हुए बिना लय हासिल करनी होती है. टीम के हौसले बुलंद है और हम इस चुनौती के लिये तैयार हैं.’ उन्होंने कहा,‘हम इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम के रूप में उतरेंगे और हमारा लक्ष्य नंबर वन का दर्जा बनाये रखने का होगा.’भारत ने इस साल अजलन शाह कप में जापान को 4-3 से हराया था. भारतीय टीम जापान को कमजोर आंकने की गलती नहीं कर सकती जो समय-समय पर जाइंट किलर साबित हुई है. उसने अजलन शाह कप में वर्ल्‍ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया था. एशिया कप के बाद भारत को दिसंबर में भुवनेश्वर में एफआईएच वर्ल्‍ड हॉकी लीग फाइनल खेलना है. हाल ही में यूरोप दौरे पर युवाओं को मौका देने के बाद अब युवा और अनुभवी खिलाड़ियों की मिली जुली टीम उतारी गई है.


गोलकीपर आकाश चिकते और सूरज करकेरा ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है जबकि डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह और सुरेंदर कुमार ने यूरोप दौरे पर आराम दिए जाने के बाद वापसी की है. टूर्नामेंट में पूर्व कप्तान सरदार सिंह, आकाशदीप सिंह, सतबीर सिंह और एस वी सुनील जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की भी वापसी हुई है. कोच मारिने ने कहा,‘एशिया कप नयी शुरुआत है. सिर्फ मेरे लिए नहीं बल्कि टीम के लिये भी. हमें इस टूर्नामेंट के जरिये एक-दूसरे को आंकने का मौका मिलेगा.’
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment